छोटा कैलास यात्रा इस बार एक जून से शुरू हो जाएगी। पिछले वर्ष तक कैलास मानसरोवर यात्रा शुरू होने के बाद छोटा कैलास यात्रा का संचालन होता था। इसकी वजह यह है कि इस बार अब तक छोटा कैलास जाने वाले 100 यात्रियों की एडवांस बुकिंग कुमाऊं मंडल विकास निगम को मिल गई है।
यात्री दलों की संख्या इस बार 16 या उससे ज्यादा बढ़ने की उम्मीद है। पिछले वर्ष तक छोटा कैलास की यात्रा पर दस या 12 दल ही जा पाते थे। एक जून से यात्रा शुरू करने के लिए केएमवीएन ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। निगम के प्रबंध निदेशक धीराज गर्ब्याल यात्रा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए धारचूला पहुंचे हैं।
केएमवीएन के पर्यटन प्रबंधक डीके शर्मा ने बताया कि छोटा कैलास के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ रहा है। इस बार एडवांस में बुकिंग आने से यह उम्मीद है कि छोटा कैलास के लिए 16 या उससे ज्यादा दल भेजने पड़ सकते हैं। नियमानुसार एक दल में 40 यात्री शामिल रहते हैं।
शर्मा ने कहा कि छोटा कैलास यात्रियों को कैलास मानसरोवर यात्रियों की तरह ही सुविधा मिलेगी। उनके लिए गुंजी तक पड़ाव वही रहेंगे जो कैलास मानसरोवर यात्रियों के लिए हैं।
गुंजी से छोटा कैलास यात्री कुटी, ज्योलिंगकांग को रवाना होंगे। छोटा कैलास के दर्शन और पार्वती सरोवर में स्नान के बाद यात्री लौट आएंगे। छोटा कैलास यात्रा दिल्ली से चलने पर 18 दिन में पूरी हो जाती है।
केएमवीएन ने कैलास मानसरोवर और छोटा कैलास यात्रा मार्ग पर गाला, बूंदी, गुंजी, मालपा, नाभीढांग, कुटी, ज्योलिंगकांग में फाइबर हट बनाने का फैसला लिया है। निगम के पर्यटन प्रबंधक डीके शर्मा ने बताया कि हट बनने पर यात्रियों को आवास की बेहतर सुविधा मिलने लगेगी।
दिल्ली में विदेश मंत्रालय कैलास मानसरोवर यात्रा की विज्ञप्ति दो दिन बाद जारी कर देगा। केएमवीएन के प्रबंधक डीके शर्मा ने बताया कि यात्रा के लिए आवेदन करने के तरीके इस विज्ञप्ति में दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अब यात्रा की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मई के दूसरे सप्ताह तक सारी व्यवस्थाएं हो जाएंगी।