फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चार घंटे फंसा रहा छोटा कैलाश यात्रियों का तीसरा दल

Sun, 02 Jul 2017 10:27 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़/धारचूला
विज्ञापन
पिथौरागढ़-तवाघाट हाइवे पर जौलजीबी के पास फंसे वाहन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
छोटा कैलाश की यात्रा पूरी कर आधार शिविर धारचूला से पिथौरागढ़ को लौट रहे तीसरे दल के 33 यात्री रविवार को सड़क बंद होने के कारण चार घंटे तक जौलजीबी में फंसे रहे। पिथौरागढ़-तवाघाट एनएच पर जौलजीबी के पास सुबह 10.15 बजे भारी चट्टान टूटकर गिर गए थे। इस स्थान पर सीमा सड़क संगठन का बुलडोजर, कंप्रेशर मशीन आदि उपकरण रखे थे, लेकिन रविवार की छुट्टी के कारण कोई भी कर्मचारी मौके पर तैनात नहीं था।
विज्ञापन


बाद में यात्रियों के साथ आ रहे गाइड प्रेम सिंह ने धारचूला के एसडीएम आरके पांडे और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी डा. आरएस राणा को इसकी जानकारी दी। इन दोनों अधिकारियों ने सीमा सड़क संगठन के साइड इंचार्ज से संपर्क साधा और अपरान्ह एक बजे से सड़क पर से चट्टान हटाने का काम शुरू हो पाया। अपरान्ह 2.15 बजे सड़क खुलने पर यात्री पिथौरागढ़ के लिए निकल पाए।

पिथौरागढ़ पर्यटक आवासगृह के प्रबंधक दिनेश गुरुरानी ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार छोटा कैलाश यात्रियों के इस दल को दोपहर 12 बजे पिथौरागढ़ पहुंच जाना था, लेकिन सड़क बंद होने के कारण यात्री चार घंटे देरी से पहुंच पाए। यात्रियों के दोपहर भोजन का कार्यक्रम भी बदलना पड़ा। इधर, यात्रियों में इस बात को लेकर गहरी नाराजगी है कि सड़क बंद होने के बावजूद उसे खोलने के लिए मौके पर कोई कर्मचारी तैनात नहीं था, जबकि मानसून सीजन में हर विभाग के अधिकारी और कर्मचारी को अलर्ट रहने के आदेश जारी किए गए हैं। 
विज्ञापन


गंभीर बीमार शेर सिंह को भी करना पड़ा इंतजार
पिथौरागढ़। बलुवाकोट निवासी 70 वर्षीय शेर सिंह गंभीर रूप से बीमार हैं। उनके परिजन जिला अस्पताल लाने के लिए निकले, लेकिन जौलजीबी में सड़क बंद होने के कारण उनको भी चार घंटे तक इंतजार करना पड़ा। शेर सिंह के साथ आए परिजनों ने बताया कि एनएच का इतने लंबे समय तक बंद रहना गलत है। प्रशासन को इसके लिए सख्त निर्देश जारी करने चाहिए।

कई अन्य सड़कों पर भी यातायात बंद रहा      
पिथौरागढ़/मुनस्यारी। शनिवार रात हुई भारी बारिश से जिले की कई सड़कों पर यातायात बंद हो गया। अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ सड़क पर पनुवानौला के पास मलबा गिरने से वाहनों की आवाजाही सुबह चार बजे से सात बजे तक तीन घंटे बंद रही। थल-मुनस्यारी मार्ग पर बनिक के पास रविवार को फिर से सड़क पर बड़े पत्थर गिर गए। इस कारण इस सड़क पर छह घंटे तक यातायात बंद रहा। यह सड़क सुबह छह बजे बंद हो गई और दोपहर 12 बजे खुल पाई। सड़क बंद होने से दोनों तरफ यात्री फंस गए। बनिक में एक नाला लगातार सड़क को नुकसान पहुंचा रहा है। जिला नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार मलबा आने से धारचूला-तवाघाट, नाचनी-बांसबगड़, बांसबगड़-गुटी, सोबला-बौंगलिंग, तवाघाट-सोबला मार्ग बंद हो गए हैं। इन सड़कों से मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया गया है।

मौसम को लेकर फिर से अलर्ट जारी
पिथौरागढ़। मौसम विभाग से मिले पूर्वानुमान के आधार पर जिला प्रशासन ने एक बार फिर से अलर्ट जारी कर दिया है। जिलाधिकारी सी रविशंकर ने बताया कि अगले 24 घंटे में जिले के कुछ हिस्सों पर असामान्य बारिश की संभावना है। इसे देखते हुए सभी संवेदनशील स्थानों पर नजर रखने के आदेश दिए गए हैं। लोगों से आवागमन के समय सावधानी बरतने को कहा गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें