पिथौरागढ़। मूनाकोट ब्लाॅक में महाविद्यालय खोलने की मांग को लेकर तीन दिन से क्रमिक अमशन चल रहा है। इसी बीच मूनाकोट ब्लाॅक के जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्र में महाविद्यालय खोलने की मांग करते हुए शासन-प्रशासन और सीएम से पत्राचार कर रहे हैं।
पिथौरागढ़ महाविद्यालय के कैंपस बनते ही यहां एक नया महाविद्यालय खोलने की मांग तेज हो गई थी। कैंपस में सीमित सीट होने के कारण कई छात्र-छात्राएं प्रवेश नहीं ले पा रहे हैं। इस कारण उन्हें पलायन करना पड़ रहा है। तीन दिन से मूनाकोट ब्लाॅक के वड्डा में क्रमिक अनशन चल रहा है। यह लोग पीपलकोट में महाविद्यालय खोलने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि अगर यहां महाविद्यालय खुल जाता है तो झूलाघाट सहित नेपाल सीमा से सटे गांवों के युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। दूसरी ओर इसी ब्लाॅक के आठगांव शिलिंग के लोग भी आठगांव में महाविद्यालय खोलने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि यहां महाविद्यालय खुलने से नगर से लेकर दूरस्थ बड़ाबे क्षेत्र तक के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
इसी विकासखंड के मड़मानले, लछैर क्षेत्र के लोग भी क्षेत्र में महाविद्यालय खोलने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि हमेशा सरकार ने उनके क्षेत्र की अनदेखी की है। इसलिए महाविद्यालय उनके यहां खुलना चाहिए। तीनों अलग-अलग क्षेत्र में महाविद्यालय खोलने की मांग कर रहे लोग अपने-अपने स्तर से जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सीएम, उच्च शिक्षा मंत्री तक बात पहुंचा रहे हैं। सरकार कहां महाविद्यालय खोलती है यह देखना दिलचस्प होगा।
-
कनालीछीना में भवन बनने के बाद भी नहीं शुरू हो पाया महाविद्यालय
पिथौरागढ़। तीन मुख्यमंत्रियों की घोषणाओं के बाद भी कनालीछीना का डिग्री कॉलेज अस्तित्व में नहीं आ सका है। डिग्री कॉलेज के नाम पर भवन खंडहर में तब्दील हो गया है और इसके चारों ओर पेड़ और झाड़ियां उग आई हैं। ऐसे में विकासखंड के युवा खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं।
कनालीछीना में डिग्री कॉलेज खोलने की घोषणा वर्ष 2011 में तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने की थी। सरकार ने जीओ भी जारी कर दिया था। प्रथम चरण के कार्य के लिए 10 लाख रुपये भी स्वीकृत हुए और कुछ समय बाद निर्माण कार्य भी शुरू हो गया। बीच में ही सियासी कारणों से इसका कार्य रुकवा दिया गया। कनालीछीना में डिग्री कॉलेज के नाम पर बनाई गई बिल्डिंग खंडहर में तब्दील हो गई है। समय बीतने के साथ चारों और बड़े-बड़े पेड़ और झाड़ियां उग आईं हैं। संवाद
-
मरसोली या देवदार में खोला जाए नया महाविद्यालय
संवाद न्यूज एजेंसी
पिथौरागढ़। मूनाकोट और विण क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों ने नया महाविद्यालय मरसोली या देवदार गांव में खोलने की मांग मुखर कर दी है।
बृहस्पतिवार काे जिलाधिकारी रीना जोशी के माध्यम से मुख्यमंत्री और उच्च शिक्षा मंत्री को भेजे ज्ञापन में पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा है कि वहां आठगांव शीलिंग क्षेत्र में डिग्री कालेज खोलने के लिए पहले ही भूमि का अधिग्रहण किया जा चुका है। इस स्थान पर डिग्री कॉलेज खोलने के लिए संबंधित विभाग की ओर से सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।
शिष्टमंडल में हितेंद्र सिंह वल्दिया, ग्राम प्रधान मरसोली उत्तम बिष्ट, ग्राम प्रधान देवदार रोशन वल्दिया, क्षेत्र पंचायत सदस्य अशोक भट्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य जगदीश ओली, ग्राम प्रधान खड़किनी विक्की लोहिया, ग्राम प्रधान स्यूनी अनिल रावत, ग्राम प्रधान थरकोट अंजू देवी, ग्राम प्रधान धारी ऐर दीपक सिंह , ग्राम प्रधान बड़ाबे विपिन जोशी, ग्राम प्रधान सिलमकोट उमेश सिंह, ग्राम प्रधान रिखाई नारायण राम, युवक मंगल दल अध्यक्ष जीवन भट्ट, ग्राम प्रधान बेलाई कुंदन बोरा, ग्राम प्रधान सौन गांव बबीता देवी शामिल रहे।
...........इनसेट..........
महाविद्यालय की मांग को लेकर तीसरे दिन भी जारी रहा अनशन
पिथौरागढ़। मूनाकोट में महाविद्यालय खोलने की मांग को लेकर तीसरे दिन भी क्रमिक अनशन जारी रहा। बृहस्पतिवार को मदन चंद्र, इंद्र चंद, परमल चंद, प्रकाश चंद, दीवानी राम, चंचल सिंह, मोहन चंद अनशन पर बैठे। उनके समर्थन में चंचल सिंह, धीरेंद्र सिंह, रमेश चंद, सुभाष जोशी, दीपेश चंद, चंचल सिंह, पुष्कर सिंह आदि ने समर्थन में धरना दिया। अनशनकारियों ने कहा कि जब तक मूनाकोट में महाविद्यालय नहीं खोला जाता है आंदोलन जारी रखा जाएगा। संवाद
........इनसेट.........
महाविद्यालय को लेकर बजरंगी ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात
पिथौरागढ़। मूनाकोट के पीपलकोट में महाविद्यालय खोलने की मांग को लेकर वरिष्ठ भाजपा नेता हेमराज बिष्ट बजरंगी ने देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि मूनाकोट क्षेत्र की जनता महाविद्यालय की मांग को लेकर पिछले तीन दिन से क्रमिक अनशन पर बैठी है। मूनाकोट क्षेत्र में एक से 25 किमी तक 15 इंटर कालेज संचालित हो रहे हैं। मूनाकोट के पीपलकोट में महाविद्यालय खोलने से दो विधान सभा क्षेत्र डीडीहाट और पिथौरागढ़ के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा का लाभ मिलेगा। हेमराज ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मूनाकोट में ही महाविद्यालय खोलने का आश्वासन दिया है। संवाद
...............
मड़मानले (खर्कदेश) में बनाया जाय महाविद्यालय
पिथौरागढ़। मूनाकोट के पीपलकोट, आठगांव शीलिंग के साथ ही मड़मानले (खर्कदेश) में महाविद्यालय की मांग उठने लगी है। सोशल मीडिया के माध्यम से क्षेत्र के लोग इस मांग को उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में उच्च शिक्षा की सुविधा नहीं होने से इंटर के बाद अधिकांश छात्र-छात्राएं आगे की पढ़ाई छोड़ देते हैं। संवाद