लोक गायिका कबूतरी की बेटी हेमंती देवी
- फोटो : अमर उजाला
उत्तराखंड की लोक गायिका स्व. कबूतरी देवी की बेटी हेमंती देवी जमीन के लिए अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों के चक्कर काटने को विवश हैं। शनिवार को हेमंती देवी कलक्ट्रेट पहुंची, जहां उन्होंने अधिकारियों को रोते-रोते अपनी व्यथा बताई। कहा कि यदि उन्हें जमीन मिल जाती तो उसमें वह कबूतरी देवी से जुड़ी वस्तुओं का स्मारक बनातीं।
सरकार ने लोक गायिका कबूतरी देवी की कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए सुवाकोट गांव में 12 मुट्ठी जमीन आवंटित की। हेमंती देवी का कहना है कि मां की मौत के बाद उन्हें अब तक जमीन नहीं मिल पाई है। राजस्व निरीक्षक ने पूर्व में उनका आधार कार्ड आदि भी लिया, लेकिन बाद में कहा गया कि वह बेटी है, उन्हें जमीन नहीं मिल सकती है। इसके लिए मुंबई में रह रहे कबूतरी देवी के बेटे भूपेंद्र से भी संपर्क किया गया। उन्होंने जमीन बहन को देने की बात कही। हेमंती देवी का कहना है कि उन्होंने जिंदगी भर मां की देखभाल की। अंतिम संस्कार उन्होंने ही किया।
उनकी बेटी रिंकू नानी के पास ही रहती थी। नानी की मौत के बाद अभी वह सदमे से उबर नहीं पाई है। सांस्कृतिक दलों के प्रतिनिधियों ने लोक गायिका की मौत के बाद उनकी बेटी को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग वित्त मंत्री और प्रशासनिक अधिकारियों से भी, लेकिन अब तक कोई सहायता नहीं मिल पाई है। वहीं, इस मामले में डीएम को फोन किया गया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।