फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh News: बेस अस्पताल की बीमार सड़क को बजट की डोज का इंतजार

Sat, 17 May 2025 10:34 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
पिथौरागढ़। बेस अस्पताल को जोड़ने वाली सड़क पर 15 दिन बाद भी आवाजाही शुरू नहीं हो सकी है। पार्किंग निर्माण के दौरान यह सड़क धंस गई थी। सड़क की मरम्मत में धन की कमी आड़े आ रही है। नगर के नजदीकी क्षेत्रों की पांच हजार की आबादी के साथ मरीज बेस अस्पताल पहुंचने और स्वस्थ होकर अपने घर जाने के लिए तीन किलोमीटर का अतिरिक्त फेरा लगाने के लिए मजबूर हैं। यह दुश्वारी कितने दिन आम लोगों को और सहनी पड़ेगी, इसका जवाब किसी के पास नहीं है।
विज्ञापन

नगर में जाम की समस्या को कम करने के उद्देश्य से शुरू किया गया पार्किंग स्थल निर्माण तो धरातल पर नहीं उतर सका लेकिन इसने नगर के नजदीकी क्षेत्रों के साथ ही मरीजों की दिक्कत जरूर बढ़ाई है। नगर के पास बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण शुरू होते ही भूस्खलन हुआ तो चंडाक क्षेत्र के 25 से अधिक गांवों के साथ ही पुनेड़ी, ल्युंठूड़ा और बेस अस्पताल को जोड़ने वाली दो सड़कें खतरे में आ गईं। सड़कों की सुरक्षा के इंतजाम किए बगैर ही कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल ने पार्किंग निर्माण का काम बंद कर अपनी जिम्मेदारी लोनिवि पर डाल दी।
दोनों संस्थानों के बीच फंसी बेस अस्पताल को जोड़ने वाली सड़क दो सप्ताह पूर्व हुए धंसाव और दरारों के कारण पूरी तरह बंद हो गई। पार्किंग निर्माण की कार्यदायी संस्था के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। सड़क की मरम्मत के लिए बनाए गए 80 लाख के आगणन के सापेक्ष सिर्फ 25 लाख रुपये देकर सड़क खोलने की जिम्मेदारी लोनिवि को दे दी गई। धन की कमी के चलते 15 दिन बाद भी सुरक्षा के इंतजाम नहीं हुए और सड़क पर आवाजाही भी बंद है।
विज्ञापन

हर रोज बेस अस्पताल में सीटी स्कैन और डायलिसिस कराने के साथ ही इलाज के लिए 50 से अधिक मरीज पहुंचते हैं। प्रमुख सड़क के बंद होने से उन्हें वाया रई आरटीओ कार्यालय को जोड़ने वाली बदहाल सड़क से तीन किमी का अतिरिक्त फेरा लगाकर अस्पताल पहुंचना पड़ रहा है। आने-जाने में छह किमी का सफर तय करना लोगों और मरीजों की मजबूरी बन गया है।

खनन न्यास निधि से बचेगी चंडाक सड़क
सड़कों को बचाने की जिम्मेदारी मिलने के बाद लोनिवि ने आपदा प्रबंधन विभाग को आगणन तैयार कर 80 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा था। बमुश्किल विभाग को 25 लाख रुपये मिले, इससे सड़क का सुधारीकरण किया जा रहा है। जिले में आए दिन हो रही बारिश से चंडाक सड़क पर भी धंसाव जारी है। खतरे को भांपते हुए इसे बचाने के लिए लोनिवि ने धन की मांग की है। विभाग को अब तक खनन न्यास निधि से 20 लाख रुपये दिए जाने का आश्वासन ही मिल सका है।
कोट
बेस अस्पताल को जोड़ने वाली सड़क को ठीक किया जा रहा है। उम्मीद है इस पर जल्द आवाजाही शुरू होगी। चंडाक सड़क की सुरक्षा के लिए धन की कमी है। धन मिलते ही इस सड़क पर भी सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे। - दिनेश जोशी, एई, लोनिवि, पिथौरागढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें