पूर्व सीएम हरीश रावत 23 मई को पिथौरागढ़ आएंगे। उनका कार्यक्रम तय हो गया है। चर्चा है कि भले ही वह न्याय यात्रा के तहत और अपने पुराने सहयोगी पूर्व सांसद महेंद्र सिंह से माहरा से मिलने यहां पहुंचेंगे लेकिन इस बहाने वह रूठे नेताओं को भी मनाएंगे। कांग्रेस के आधार स्तंभ परिवारों के साथ ही वह वरिष्ठ नेताओं से मिलकर टूट चुकी पार्टी को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का मुकाबला करने के लिए एकजुट करेंगे। कांग्रेस के प्रदेश मीडिया कोऑर्डिनेटर मुकेश पंत ने पूर्व सीएम हरीश रावत के दो दिवसीय पिथौरागढ़ भ्रमण की सूचना देने के साथ ही कार्यक्रम साझा किया है।
तय कार्यक्रम के मुताबिक रावत 23 मई को पिथौरागढ़ पहुंचकर पूर्व सांसद महेंद्र सिंह माहरा के आवास पर उनसे मुलाकात करेंगे। 24 मई को उल्का देवी मंदिर पहुंचकर न्याय के लिए गुहार लगाने के साथ ही कांग्रेस के आधार स्तंभ परिवारों से मिलेंगे। उनका इसी दिन विधायक मयूख महर के साथ मुलाकात करने का कार्यक्रम तय है, जो चर्चाओं में है।
बीते निकाय चुनाव में अपने करीबी को टिकट न मिलने पर विधायक मयूख महर ने कांग्रेस से बगावत कर उन्हें निर्दलीय मैदान में उतारते हुए पार्टी प्रत्याशी को नकार दिया था। अपनी प्रत्याशी को जीत के बिल्कुल करीब तक पहुंचा दिया था जो अंत में कुछ वोटों से हार गईं।
चुनावी प्रचार के दौरान प्रदेश अध्यक्ष और विधायक ने एक-दूसरे पर जमकर शब्दबाण चलाए। नतीजतन, जिले में कांग्रेस के मजबूत स्तंभ कहे जाने वाले विधायक पार्टी से रूठकर करीब-करीब किनारा कर गए हैं। निकाय चुनाव के दौरान पिथौरागढ़ से दूरी बनाने के बाद पहली बार दिग्गज रावत और महर एक साथ बैठेंगे। दोनों की मुलाकात का तय कार्यक्रम रूठों को मनाने की चर्चाओं को बल दे रहा है।