पिथौरागढ़। लंबे समय से बारिश नहीं होने और जंगलों में लग रही आग से वातावरण में धुंध गहराती जा रही है। धुंध के चलते शनिवार को हल्की धूप रही। वातावरण में धुंध के कारण आंखों में जलन की समस्या पैदा होने लगी है। सांस संबंधी मरीजों को भी दिक्कतें पैदा हो रही हैं।
जिले में इस वर्ष कम बारिश हुई है। पिछले तीन माह से लगातार जंगलों में आग लगी हुई है। बारिश नहीं होने और आग लगने के कारण वातावरण में धुंध छा गई है। इसके चलते लोगों में आंखों में जलन और दमा के रोगियों में सांस लेने में परेशानी बढ़ने लगी है।
कई लोग सर्दी जुकाम से भी पीड़ित हैं। पिथौरागढ़ जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. एमसी रजवार ने लोगों से मास्क लगाने, आंखों को धुंध से बचाने के लिए चश्मे का उपयोग करने और उबला पानी पीने की सलाह दी है। संवाद