चंपावत रोडवेज स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रगीत धुन पर गाते अधिकारी और अन्य। संवाद
चंपावत। एसएसबी पंचम वाहिनी ने आज रोडवेज स्टेशन पर हर घर तिरंगा और वंदे मातरम अभियानों के तहत ब्रास बैंड प्रदर्शन का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दी गईं।
कार्यक्रम का आयोजन वाहिनी के कार्यवाहक कमांडेंट शिव राम के नेतृत्व में किया गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्रध्वज के सम्मान पर प्रकाश डाला। डीएम ने हर घर तिरंगा और वंदे मातरम अभियानों में उत्साहपूर्वक सहभागिता का आह्वान किया।
सीमांत मुख्यालय एसएसबी रानीखेत की ब्रास बैंड टीम ने वंदे मातरम राष्ट्रगीत से अपनी प्रस्तुति शुरू की। टीम ने मेरे वतन के लोगों, कदम-कदम बढ़ाए जा और सारे जहां से अच्छा जैसी देशभक्ति धुनों से समां बांधा। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में देशभक्ति की भावना जगाई।
यहां कमांडेंट चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल बरनवाल, उप कमांडेंट करन चौहान, सुदेश कुमार, नवनीत कुमार, जिलाध्यक्ष भाजपा गोविंद सामंत, पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय, नगर मंडल अध्यक्ष सुनील पुनेठा, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, एसएसबी प्रमोद गुप्ता आदि थे।
चंपावत रोडवेज स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रगीत धुन पर गाते अधिकारी और अन्य। संवाद