फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh: चुनाव त्रिस्तरीय पंचायतों का लेकिन परीक्षा बड़े पंचों की, इन दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर

Wed, 09 Jul 2025 01:23 PM IST
हीरा मेहरा अमर उजाला नेटवर्क, पिथौरागढ़

सार

पंचायत चुनाव का शोर चरम पर है। मुख्य लड़ाई क्षेत्र पंचायत सदस्यों की जीत से ब्लॉक प्रमुख तो जिला पंचायत सदस्यों की जीत से जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी तक पहुंचने की है। यह लड़ाई भाजपा और कांग्रेस के लिए खास है।
विज्ञापन
पंचायत चुनाव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंचायत चुनाव का शोर चरम पर है। मतदान की तिथि नजदीक आते ही और तेज होने लगा है। सीमांत जिले में 681 ग्राम पंचायतों में गांव की सरकार चुनी जाएगी। क्षेत्र पंचायत की 287 और जिला पंचायत की 32 सीटों पर सदस्यों का चुनाव होगा। इन पदों के लिए दोनों ही प्रमुख दल भाजपा और कांग्रेस के अधिकृत, समर्थित प्रत्याशियों और निर्दलीय को मिलाकर 3178 दावेदार नामांकन कराते हुए चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे हैं।

मुख्य लड़ाई क्षेत्र पंचायत सदस्यों की जीत से ब्लॉक प्रमुख तो जिला पंचायत सदस्यों की जीत से जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी तक पहुंचने की है। यह लड़ाई भाजपा और कांग्रेस के लिए खास है और दोनों ही दल अपने अधिकृत और समर्थित प्रत्याशियों को जिताकर जिले के आठों विकासखंडों में अपने खेमे के ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने का दावा कर रहे हैं। इस दावे को साकार करने के लिए पहले अपने अधिकृत और समर्थित प्रत्याशियों को जिताकर क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत सदस्य बनाने की चुनौती है।

जिले की चार में से दो में भाजपा तो दो में कांग्रेस के विधायक काबिज हैं। हालांकि निकाय चुनाव में टिकट बंटवारे से नाराज पिथौरागढ़ के विधायक मयूख महर फिलहाल पार्टी से किनारा कर अपने निजी समर्थकों के चुनावी मैदान में होने की बात कर रहे हैं। डीडीहाट से लगातार छह बार जीते भाजपा विधायक बिशन सिंह चुफाल और पहली बार विधानसभा पहुंचे गंगोलीहाट से फकीर राम टम्टा और धारचूला से कांग्रेस के दिग्गज विधायक हरीश धामी पार्टी के अधिकृत और समर्थित प्रत्याशियों के साथ चुनावी मैदान में डटकर इन्हें जिताने की जोर आजमाइश में कर रहे हैं। दोनों दलों के अधिकृत और समर्थित प्रत्याशियों के साथ इन सभी दिग्गजों की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है।

विधायक चुफाल के लिए बेटी तो धामी के लिए बहू को जिताने की चुनौती

विज्ञापन

सीमांत जिले में चुनाव पंचायत हो रहे है और परीक्षा दिग्गजों की है। भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल की बेटी दीपिका चुफाल जिला पंचायत की भड़कटिया सीट से मैदान में हैं। इससे पूर्व हुए पंचायत चुनाव में चिटगालगांव से जिला पंचायत सदस्य सीट पर उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में विधायक चुफाल के सामने बेटी को जिताने के साथ ही उनकी विधानसभा के अंतर्गत आने वाले डीडीहाट, कनालीछीना और मूनाकोट विकासखंडों में सभी जिला पंचायत सीटों पर पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों को जिताने की चुनौती है। धारचूला विधायक हरीश धामी के भतीजे की पत्नी मदकोट से बीडीसी सदस्य का चुनाव लड़ रही हैं। उनके सामने भी बहू के साथ अपने खेमे के अन्य बीडीसी के प्रत्याशियों को जिताने की चुनौती है। इन्हें अपने क्षेत्र से अपने खेमे के प्रत्याशियों को जिताकर जिला पंचायत की कुर्सी पार्टी के पाले में डालने के लिए जोर लगाना होगा।

पार्टी के साथ खड़े नहीं होंगे विधायक महर
निकाय चुनाव में टिकट बंटवारे से नाराज होकर पार्टी का हाथ छोड़ चुके पिथौरागढ़ विधायक मयूख महर पंचायत चुनाव में भी कांग्रेस का साथ नहीं देंगे। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि निकाय चुनाव में पार्टी ने उनकी भावनाओं का सम्मान न करते हुए उन्हें नकार दिया। ऐसे में वह पंचायत चुनाव में पार्टी का साथ कैसे देंगे। वह पंचायत चुनाव में जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर अपने समर्थकों को लड़ाने और जिताने का दावा कर रहे हैं।
विज्ञापन


पिथौरागढ़ में विकासखंड वार जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत सीटों की संख्या
विकासखंड             क्षेत्र पंचायत             जिला पंचायत
बिण                         40                         05

मूनाकोट                 37                         04

कनालीछीना             33                         03

डीडीहाट             27                         03

धारचूला             40                         05

मुनस्यारी             33                         03

बेड़ीनाग             37                         04

गंगोलीहाट             40                         05

 

बोले माननीय
पार्टी का संगठन मजबूत है। गांव स्तर पर कार्यकर्ताओं की पहुंच है और सभी पार्टी के प्रति समर्पित हैं। ऐसे में पार्टी के अधिकृत और समर्थित प्रत्याशी जीतेंगे और हर विकासखंड में ब्लॉक प्रमुख तो जिला पंचायत अध्यक्ष पार्टी का होगा। जिले में ही नहीं पूरे प्रदेश में भाजपा की जीत तय है।
-बिशन सिंह चुफाल, विधायक डीडीहाट।

जिला पंचायत सीटों पर भाजपा के ही अधिकृत प्रत्याशी जीत दर्ज करेंगे, इसमें कोई शक नहीं है। क्षेत्र पंचायत सदस्य भी भाजपा खेमे के ही जीतेंगे। सभी विकासखंडों में ब्लॉक प्रमुख तो जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर पार्टी प्रत्याशी काबिज होंगे। जनता का भरोसा भाजपा के साथ है।
फकीर राम टम्टा, विधायक, गंगोलीहाट।

जनता भाजपा की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त है और कांग्रेस पर भरोसा बढ़ा है। जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर मेरी पार्टी के ही अधिकृत और समर्थित प्रत्याशी जीतेंगे। ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्ष पर कांग्रेस काबिज होगी।
हरीश धामी, विधायक, धारचूला।

पार्टी को लेकर मैं फिलहाल कुछ नहीं कहूंगा। हमारे समर्थक क्षेत्र और जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रहे हैं। मैं अपने समर्थकों को जिताउंगा। समर्थकों के साथ ही जनता के हितों की लड़ाई लड़ना मेरा कर्तव्य है।

विज्ञापन

मयूख महर, विधायक, पिथौरागढ़।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें