शहर के रेडीमेट गारमेंट्स की दुकान में रविवार रात लगी आग से लाखों रुपये का नुकसान हो गया है। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया।
रविवार रात करीब दो बजे सिमलगैर में स्थित ऐंजल्स गारमेंट्स की दुकान में आग लग गई। दुकान से लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
मौके पर लोगों का हुजूम एकत्र हो गया। सिमलगैर के एक व्यापारी ने दुकान स्वामी सुमित कुंवर को दुकान में आग लगने की जानकारी दी। आग की लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। करीब 2.45 बजे फायर ब्रिगेड का वाहन मौके पर पहुंचा। फायर सर्विस के लोगों ने आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया था। तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान आग की भेंट चढ़ चुका था।
आग अन्य जगह नहीं फैली अन्यथा हादसा जबरदस्त हो सकता था। सिमलगैर शहर के मुख्य बाजारों में से एक है। आग फैलती तो उसके दायरे में आसपास के भवन आ सकते थे। दुकान स्वामी की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर नुकसान का जायजा लिया। सोमवार सुबह पुलिस अधीक्षक रोशन लाल शर्मा ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।
उन्होंने कोतवाल ध्यान सिंह को आग लगने के कारणों की पड़ताल के आदेश दिए। दुकान स्वामी सुमित कुंवर ने बताया कि करीब 25 से 30 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। नुकसान की पूरी जानकारी स्टाक के मिलान से पता चलेगी।