धारचूला झूलापुल पर लोगों के सामानों की जांच करते एसएसबी और पुलिस के जवान। संवाद
धारचूला (पिथौरागढ़)। नेपाल के दार्चुला में शुक्रवार को प्रशासन ने कर्फ्यू में बड़ी राहत दी। इसके चलते भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय झूला पुल से लोगों की आवाजाही सुचारु हो गई और बाजारों में रौनक लौट आई। दिनभर करीब 2800 से अधिक लोगों ने भारत-नेपाल के बीच आवागमन किया।
दार्चुला जिला प्रशासन ने शुक्रवार सुबह छह बजे से शाम सात बजे तक कर्फ्यू में ढील दी और व्यापारियों को दुकान खोलने और अन्य दैनिक गतिविधियों को संचालित करने की अनुमति दी गई। नेपाली नागरिकों के भारतीय बाजार में पहुंचने से व्यापारियों को भी राहत मिली। हालांकि संवेदनशील हालात को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने 5 से अधिक लोगों के एक साथ सार्वजनिक स्थानों पर आवागमन या एकत्रित होने पर प्रतिबंध जारी रखा।
11वीं वाहिनी एसएसबी के डिप्टी कमांडेंट दीवान सिंह कार्की, एसी जुबेर अंसारी के नेतृत्व में सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम लोगों के आवागमन और सामानों की सघन जांच में जुटी रही।