जिलाधिकारी सी रविशंकर ने जिले के हर नगर और कस्बे में पॉलिथीन का प्रचलन पूरी तरह बंद करने के लिए छापामार अभियान चलाने को कहा है। यदि किसी व्यापारी के पास पॉलिथीन की थैलियां मिली तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने नगरपालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों में पॉलीथीन की लगातार चेकिंग जारी रखने को कहा है।
डीएम ने नगर निकायों के अधिकारियों से कहा है कि मुख्य बाजार और सड़क के किनारे बैठकर सामान बेचने वालों से अनिवार्य रूप से तहबाजारी वसूली जाए और गलत तरीके से सामान बेचने वालों का चालान किया जाए। राजस्व वसूली को बढ़ाने के लिए डीएम ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। मानसून की बारिश शुरू होने से पहले बंद नालियों को खोलने के लिए कहा गया। इसके लिए तीन दिन का समय दिया गया है। नगर निकायों के कामों की समीक्षा के दौरान डीएम ने कहा कि सबसे पहले स्ट्रीट लाइट और सफाई की व्यवस्था में सुधार होना चाहिए। नगर निकायों को जिस काम के लिए जो राशि मिली है, उसका उपयोग दूसरे काम में न किया जाए।