पिथौरागढ़। धौलीगंगा जल विद्युत परियोजना के बांध की सफाई 29 और 30 जून को की जाएगी। डीएम ने धौलीगंगा पावर स्टेशन के बांध के गेट खोलकर सिल्ट की सफाई करने के निर्देश दिए थे।
उप महाप्रबंधक (सिविल), बांध विभाग धौलीगंगा पावर स्टेशन,एनएचपीसी तपोवन ने बताया कि धौलीगंगा पावर स्टेशन के बांध में नदी के पानी के साथ आई सिल्ट काफी मात्रा में एकत्रित हो गई है जिससे मानसून के दौरान जल भराव की स्थिति न हो इसके लिए सफाई की जानी है।
उन्होंने बताया कि डैम की सफाई के लिए 29 जून सुबह छह बजे से 30 जून तक गेट खोले जाएंगे। डीएम रीना जोशी ने सभी उपजिलाधिकारी, एसएसबी 11वीं और 55 वीं वाहिनी के कमांडर, कमांडिंग ऑफिसर 65/67 आरसीसी ग्रिफ धारचूला, महाप्रबंधक, धौलीगंगा पावर स्टेशन, तपोवन, धारचूला को धौलीगंगा पावर स्टेशन का पानी छोड़ते समय सिंचाई खंड धारचूला से समन्वयन स्थापित करते हुए काली नदी के जलस्तर का समय-समय पर संज्ञान लेने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी, पिथौरागढ़ और चंपावत को पुलिस नियंत्रण कक्ष पिथौरागढ़ को व सम्बन्धित थानों/चौकियों को अपने स्तर से अवगत कराते हुये उक्त सूचना से जनपद पुलिस नियंत्रण कक्ष चम्पावत को सूचित करने के निर्देश दिए हैं। संवाद