पिथौरागढ़। मौसम की दगाबाजी देहरादून मार्ग पर विमान से सफर करने वाले यात्रियों पर भारी पड़ी। सुबह के समय मौसम का साथ मिलने से विमान दिल्ली से नैनीसैनी तो पहुंचा। अचानक मौसम खराब हुआ तो विमान वहां से देहरादून के लिए उड़ान नहीं भर सका। ऐसे में देहरादून मार्ग पर फ्लाइट कैंसिल होने से यात्रियों को निराश होकर घर लौटना पड़ा।
पिथौरागढ़ से दिल्ली और देहरादून रूट पर सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को 42 सीटर विमान सेवा संचालित है। सुबह के समय विमान दिल्ली से नैनीसैनी एयरपोर्ट पहुंचता है। इसके बाद विमान देहरादून के लिए उड़ान भरता है।देहरादून से लौटने के बाद फिर से दिल्ली के लिए रवाना होता है।
शनिवार को सुबह के समय मौसम खुलने पर विमान यात्रियों को लेकर दिल्ली से नैनीसैनी पहुंचा। विमान के आने से देहरादून जाने के लिए एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहे 20 से अधिक यात्री खुशी से झूम उठे। उनकी यह खुशी कुछ ही देर में गायब हो गई। अचानक मौसम खराब हुआ और बारिश के साथ कोहरा छा गया तो विमान देहरादून के लिए उड़ान नहीं भर सका।
फ्लाइट कैंसिल हो गई और एयरपोर्ट पर लंबा इंतजार करने के बाद यात्रियों को निराश होकर घर लौटना पड़ा। कई यात्री फ्लाइट कैंसिल होने से रोडवेज बस और टैक्सी से देहरादून के लिए रवाना हुए हालांकि शाम को मौसम का साथ मिलने पर विमान यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुआ।
-
हेलीकॉप्टर सेवा संचालित होने से मिली राहत
पिथौरागढ़ से हल्द्वानी, अल्मोड़ा और मुनस्यारी रूट पर हेलीकॉप्टर सेवा संचालित है। सुबह के समय मौसम का साथ मिलने पर हेलीकॉप्टर सेवा संचालित हुई। ऐसे में यात्रियों को राहत मिली। मौसम में खराबी के चलते आए दिन विमान और हवाई सेवा प्रभावित होने से यात्री परेशान हैं। मौसम पर भरोसा न होने पर मानसूनकाल में हेलीकॉप्टर और विमान सेवा की बुकिंग भी प्रभावित हो रही है।
-
मौसम का साथ मिलने से हेलीकॉप्टर सेवा सुचारु रूप से संचालित हुई। मौसम में खराबी के चलते विमान देहरादून के लिए उड़ान नहीं भर सका और इस रूट पर फ्लाइट कैंसिल हुई।
-संदीप यादव, एयरपोर्ट मैनेजर, नैनीसैनी एयरपोर्ट, पिथौरागढ़