सप्ताह का पहला दिन और हर बार की तरह सोमवार भी नगर में जाम से लोग परेशान रहे। बैंक रोड में तो करीब आधे घंटे तक वाहनों के पहिए जाम हो गए।
पुलिस ने हालांकि सप्ताह का पहला दिन होने के कारण अकेले सिल्थाम में ट्रैफिक पुलिस के तीन कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी थी। फिर भी जाम को नियंत्रित कर पाना कठिन हो गया। जाम की नौबत घंटाकरण से ही शुरू हो रही है।वहां पर लोनिवि इन दिनों कॉजवे की मरम्मत का काम चल रहा है। वहां पर सड़क वनवे हो गई है।
घंटाकरण से शुरू होने वाला जाम का यह सिलसिला करीब 600 मीटर दूर सिल्थाम तक जारी रहता है। पुलिस ने पहले यह व्यवस्था की थी कि घंटाकरण से सिल्थाम की ओर बड़े वाहनों की आवाजाही बंद की जाएगी लेकिन यह व्यवस्था कुछ दिन ही जारी रही। अब बड़े वाहन धड़ल्ले से इस रोड से निकलते हैं। आज जाम का मुख्य कारण भी यही रहा कि रसोईगैस के सिलेंडर ले जा रहे दो ट्रक एक साथ इस रोड से निकले। उनसे काफी देर तक वाहनों के पहिए थम गए। आफिस जाने वाले, अस्पताल जाने वालों को इस कारण भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
बताया गया है कि घंटाकरण से सिल्थाम तक जाने वाली बैंक रोड में वाहनों की पार्किंग के लिए एक साइड तय की गई है लेकिन अक्सर इस रोड में दोनों ओर वाहन खड़े हो जाते हैं। इसके अलावा कुछ जीप और कार चालक तो इतनी संकरी रोड में ही अपने वाहनों को मोड़ते रहते हैं। आमतौर पर इस तरह की अव्यवस्था रोज दिखती है लेकिन सोमवार को इसलिए भी वाहनों का ज्यादा दबाव ज्यादा रहता है क्योंकि ग्रामीण अंचलों से आफिस के काम और अस्पताल के लिए भारी संख्या में लोग अपने निजी वाहनों और बुकिंग वाले वाहनों से यहां पहुंचते हैं। इस कारण भी समस्या गंभीर हो जाती है।
पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं
नगर में वाहनों की संख्या तो बढ़ी है लेकिन पार्किंग स्थल नहीं बन पाए हैं। सड़कों का आकार लगातार सिमटता जा रहा है। पिछले साल हॉटमिक्स करने और अतिक्रमण हटाने के बाद सड़कें थोड़ा चौड़ी नजर आ रही थी अब इस जगह को वाहनों ने घेर लिया है। हर सड़क के किनारे वाहनों की ही स्थायी कतार दिखती है।