धारचूला (पिथौरागढ़)। आदि कैलाश क्षेत्र में शिव-पार्वती मंदिर के कपाट पांच नवंबर को बंद होंगे। इसके बाद यात्री मंदिर में पूजा अर्चना नहीं कर पाएंगे। अब तक 70387 यात्री शिव-पार्वती मंदिर के दर्शन कर चुके हैं।
व्यास घाटी के कुटी के ग्राम प्रधान नगेंद्र सिंह कुटियाल, आदि कैलाश विकास समिति के अध्यक्ष पुनीत कुटियाल और शिव-पार्वती मंदिर के पुजारी गोपाल सिंह कुटियाल और वीरेंद्र सिंह कुटियाल ने बताया कि नवंबर में अधिक बर्फबारी की संभावना है। इसे देखते हुए मंदिर समिति और ग्रामीणों की आपसी सहमति से इस वर्ष भी पांच नवंबर कार्तिक पूर्णिमा के दिन रं रीति रिवाज के साथ पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाएंगे जो अगले वर्ष मई में खुलेंगे।
ग्राम प्रधान और समिति के अध्यक्ष ने बताया कि कपाट बंद की सूचना प्रशासन को दे दी है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कपाट बंद की तिथि के अनुसार ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं। मंदिर के कपाट बंद होने के बाद ग्रामवासी निचली घाटी को लौट आएंगे।
...............
आदि कैलाश क्षेत्र की यात्रा के लिए 30 अक्तूबर को 200 इनर लाइन परमिट जारी किए गए। एक मई से 30 अक्तूबर तक 70387 परमिट जारी हो चुके हैं।
-आशीष जोशी, एसडीएम, धारचूला