पिथौरागढ़। हमेशा से सवालों में रही पिथौरागढ़ से दिल्ली और देहरादून रूट पर संचालित विमान सेवा के लिए सीमांत के लोगों को फिर से निराश होना पड़ा है। तारीख निकल गई और एक हफ्ते से बंद विमान उड़ान नहीं भर सका। लोग तय तारीख पर बुकिंग के लिए कंपनी की साइट टटोलते रहे लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी। मजबूरन यात्रियों को टैक्सी और रोडवेज बसों से गंतव्य को रवाना होना पड़ा।
बीते एक सितंबर को पिथौरागढ़ से दिल्ली रूट पर छह तो देहरादून रूट पर पांच दिन विमान सेवा संचालित करने की कंपनी ने घोषणा की थी। खराब मौसम के कारण यह घोषणा धरातल पर नहीं उतर सकी और आए दिन विमान सेवा ठप रहने से यह शेड्यूल लागू नहीं हो सका।
11 सितंबर को कंपनी ने बिना ठोस कारण बताए ही 17 तक विमान सेवा बंद रखने की घोषणा कर दी। ऐसे में यात्रियों की दिल्ली और देहरादून के बीच आसान सफर की उम्मीदों को झटका लग गया। उम्मीद थी कि कंपनी तय तिथि पर फिर से विमान सेवा संचालित कर यात्रियों को राहत पहुंचाएगी। ऐसा नहीं हुआ और यह उम्मीद भी टूट गई।
पिछले कई दिनों से यात्री तय तिथि पर विमान की बुकिंग कराने के लिए कंपनी की साइट खंगालते रहे लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। तय तिथि 18 सितंबर भी चले गई लेकिन विमान उड़ान नहीं भर सका। बुकिंग और विमान सेवा संचालित नहीं होने से यात्रियों को मजबूरन टैक्सी और बसों से ही दिल्ली-दून के लिए सफर करना पड़ा।
दावा 19 से विमान संचालित करने का, बुकिंग साइट ब्लॉक
नैनीसैनी से विमान तय तिथि पर उड़ान नहीं भर सका। अब 19 सितंबर से देहरादून रूट पर विमान संचालित करने की बात हो रही है। हैरानी है कि इस तिथि को टिकट बुक करने वाले यात्रियों को बुकिंग साइट ब्लॉक मिली। टिकट बुक करने वाले अंकुर कोहली ने बताया कि देहरादून रूट पर 19 सितंबर को बुकिंग के लिए कंपनी की साइट ब्लॉक आ रही है। ऐसे में इस रूट पर विमान के उड़ान भरने पर संशय है हालांकि 21 सितंबर से दिल्ली और 22 सितंबर से दून के लिए टिकट बुक हो रही हैं। संवाद
हल्द्वानी से हेली सेवा रही सुचारु
मौसम ने साथ दिया तो शुक्रवार को हल्द्वानी से पिथौरागढ़, मुनस्यारी व अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ के बीच हेलिकॉप्टर सेवा सुचारु रही। सुबह की शिफ्ट में सभी निर्धारित रूटों पर हेली ने उड़ान भरी और यात्रियों ने राहत की सांस ली। मौसम की मार से सितंबर माह में हेली सेवा भी आए दिन बाधित होती रही है जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा है।
.........
कंपनी ने जिन वजहों से 11 से 17 सितंबर तक सेवा स्थगित रखी संभवतः उसी कारण से शुक्रवार को भी विमान ने उड़ान नहीं भरी। कंपनी की तरफ से जानकारी मिली है कि 19 सितंबर से देहरादून रूट पर विमान सेवा चलेगी। -संदीप यादव, निदेशक, नैनीसैनी एयरपोर्ट, पिथौरागढ़