पिथौरागढ़। अंकिता भंडारी की हत्या की चौथी बरसी पर कांग्रेस ने सिल्थाम तिराहे पर धरना दिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर दीये जलाए जा रहे हैं लेकिन उत्तराखंड महिला अपराधों में झुलस रहा है। यह सरकार की नाकामी है कि आज तक अंकिता भंडारी को न्याय नहीं मिल सका है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष मुकेश पंत के नेतृत्व में सिल्थाम तिराहे पर धरना दिया। पंत ने कहा कि आज भाजपा के शासन में प्रदेश में महिला अपराध इस कदर बढ़े कि महिलाएं आज भी अपने को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
अंकिता भंडारी हो या हेमा नेगी हत्याकांड, चंपावत में नाबालिग के साथ दुष्कर्म, मंगलौर में सामूहिक दुष्कर्म, श्रीनगर, द्वाराहाट में युवती और नाबालिग के साथ दुष्कर्म और देहरादून में महिला को बंधक बनाकर गैंगरेप। इन घटनाओं ने हर किसी को दहलाया है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश में महिला अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं और सरकार चुप रहकर प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर दीये जला रही है। साफ है कि इन मुद्दों और घटनाओं से जनता का ध्यान भटकाते हुए सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है। जनता इस जनविरोधी, भ्रष्टाचारी और आपराधिक सरकार को करारा जवाब देगी।
यहां पूर्व दायित्वधारी मनोज ओझा, सुधीर चौहान, हिमांशु ओझा, चंचल बोरा, त्रिभुवन चुफाल, निशीद उप्रेती, लक्षित भंडारी, त्रिभुवन लाल साह, भूरा मिया, जावेद खान आदि मौजूद थे।