फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोर घाटी में उतरी दारमा की संस्कृति

Thu, 22 Feb 2018 10:38 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़
विज्ञापन
पिथौरागढ़ वसंतोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करता दारमा घाटी से आया दल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

सीमांत वसंतोत्सव की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में सोर घाटी में दारमा की संस्कृति जीवंत हो उठी। दारमा घाटी के कलाकारों ने लोकगीत और नृत्य से मौजूद लोगों का दिल जीत लिया। इसके साथ ही काश्मीर, हिमाचल, हरियाणा के कलाकारों की प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में चार चांद लगाए।

विज्ञापन


दारमा घाटी के दिलिंग दारमा सेवा समिति के कलाकारों ने परंपरागत वेशभूषा में प्रस्तुति दी। दल ने निकु ना थाती, निकु न माटी, सौ सीनु लूम्बा और खमी व्युंखुजु, खमी दरमा चू बंबा चैतम... लोकगीतों पर दर्शकों को ताली बजाने पर मजबूर कर दिया। इसके साथ ही काश्मीर, हिमाचल, हरियाणा के कलाकारों ने अपने राज्य की संस्कृति की झलक दिखाई। विद्यालयी सांस्कृतिक कार्यक्रम में टैगोर पब्लिक स्कूल, एशियन एकेडमी, सिटी पब्लिक स्कूल, न्यू बीयर शिवा, ग्रीन वैली, गांधी विद्या पीठ, केएनयूजीआईसी की टीम ने कई सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रमों पर प्रस्तुति दी। लोग देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर झूमते रहे।

वसंतोत्सव के चौथे दिन मातृ शक्ति सम्मेलन में हंस फाउंडेशन की मंगला माता और भोले महाराज ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उनके यहां पहुंचने पर छलिया दलों ने पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य कर स्वागत किया। मंगला माता ने पिथौरागढ़ में महिला सशक्तीकरण के तहत सेव प्रकल्प खोलने की घोषणा की। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक राकेश देवलाल, कैलाश थपलियाल, रंदीप पोखरिया, वीरेंद्रानंद, ललित पंत, ललित शौर्य, प्रहलाद कन्याल, हेमराज बिष्ट आदि मौजूद थे। इधर, केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने विकलांग क्रिकेट खिलाड़ी राजेंद्र सिंह धामी को सम्मानित किया।
विज्ञापन


व्यंजन प्रतियोगिता में शीला, कुर्सी दौड़ में मंजू जीती
वसंतोत्सव के उपलक्ष्य में महिलाओं के बीच व्यंजन और कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता हुई। कैच मसाले प्रायोजित व्यंजन प्रतियोगिता शीला खत्री ने जीती, जबकि प्रीति गुप्ता दूसरे, हंसा जोशी तीसरे स्थान पर रही। कुर्सी दौड़ मंजू ऐरी ने जीती, जबकि सावित्री बिष्ट दूसरे, लीला कन्याल तीसरे स्थान पर रहीं।

वात रोग की चिकित्सा के योगासन कराए
वसंतोत्सव में आयोजित योग शिविर में अंतरराष्ट्रीय योग प्रशिक्षक डॉ. हेमंत जोशी ने वात रोग, संधिरोग की चिकित्सा में उपयोगी आसन कराए। इसके साथ ही मधुमेह में उपयोगी आसनों का भी अभ्यास कराया। सूर्योदय सेवा समिति के लीलाधर पांडे ने प्रतिभागियों को नवयोग की क्रिया बताई। समिति के नवजीत जोशी ने न्यूरोथैरेपी पर प्रकाश डाला। शिविर में बबीता जोशी, रामदेव वर्मा, बबीता नगरकोटी, लीलावती बेरी आदि थे।

बॉक्सिंग प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों के मुकाबले हुए
वसंतोत्सव में बॉक्सिंग प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों के मुकाबले हुए। केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा और अर्जुन अवार्डी हरी दत्त कापड़ी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मुकाबलों का उद्घाटन किया। बालिका के सब जूनियर वर्ग में नाज फातिमा, यूथ बालिका में हिमांशी वल्दिया, एलीट महिला में कविता बसेड़ा ने अपने मुकाबले जीतकर अगले चक्र में प्रवेश किया। बालकों के सब जूनियर वर्ग में आदित्य, विनोद, करम सिंह, आयुष, भूपेंद्र, सौरभ, साहिल, जूनियर वर्ग में कृष्णानंद जोशी और सीनियर वर्ग में लवी मेहता ने मुकाबले जीते। इस दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी संजीव पौरी, बॉक्सिंग संघ अध्यक्ष धरम चंद, कृष्ण सिंह महर, चंद्रशेखर आदि थे।

कवियों ने श्रोताओं को खूब गुदगुदाया
वसंतोत्सव के दौरान कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। लोक कवि जनार्दन उप्रेती, पीतांबर अवस्थी, लक्ष्मी आर्या, प्रमोद कुमार, गोविंद बिष्ट, ललित शौर्य, विद्यासागर  कापड़ी, नवीन शर्मा, जयमाला देवलाल, मथुरा दत्त चौसाली, आशा सौन, मुन्नी टम्टा, हेमा थलाल आदि ने काव्यपाठ कर श्रोताओं को खूब गुदगुदाया।
विज्ञापन


आज के कार्यक्रम
सामाजिक समरसता सद्भाव सम्मेलन सुबह 11 बजे से
छलिया नृत्य व वाद्ययंत्र प्रतियोगिता सुबह 11 बजे से
आण-काथ व कहावत प्रतियोगिता सायं 5 बजे से
विद्यालयी सांस्कृतिक कार्यक्रम सायं 5 बजे से
आमंत्रित दलों के सांस्कृतिक कार्यक्रम रात 5 बजे से

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें