पिथौरागढ़। मौसम बदलने के साथ जिले में वायरल बुखार, पेट में संक्रमण, डायरिया और सर्दी-जुकाम के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी होने लगी है। दूरस्थ क्षेत्र धारचूला, मुनस्यारी, डीडीहाट, बेड़ीनाग आदि जगहों से मरीज जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं।
जिला अस्पताल में रोजाना वायरल बुखार, पेट में संक्रमण, डायरिया के 40 से 50 मरीज इलाज के लिए आ रहे हैं। फिजिशियन के कक्षों के बाहर लंबी लाइन लग रही है और जांच के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक, तापमान में बार-बार बदलाव और फास्ट फूड के सेवन के कारण लोग इन बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।
मौसम में बदलाव के बीच जिला अस्पताल की ओपीडी में भी बढ़ोतरी हुई है। ओपीडी 600 से बढ़कर अब एक हजार के पार पहुंच गई है। ओपीडी बढ़ने से चिकित्सकों पर भी दबाव बढ़ गया है। जिला अस्पताल के मुताबिक, वर्तमान में 120 मरीज भर्ती हैं। इसमें 25 से 30 मरीज वायरल बुखार, पेट में संक्रमण से ग्रसित हैं।
लक्षण
लगातार बुखार आना, पेट में दर्द, उल्टी-दस्त की समस्या, पेट में ऐंठन जैसी समस्याएं होती हैं।
बचाव
लोगों को घर का बना साफ-स्वच्छ भोजन खाना चाहिए। पैक्ड फूड, अधिक तेल युक्त भोजन से परहेज करने की जरूरत है।
कोट
मौसम में बदलाव आने से पेट संबंधी बीमारियां बढ़ गई हैं। लोगों को खानपान में सावधानी बरतनी चाहिए। - डॉ. डीपी सिंह, पीएमएस, जिला अस्पताल, पिथौरागढ़