नाचनी में नया बस्ती- मुनस्यारी सड़क से मलबा और बोल्डर हटाता लोनिवि का डोजर। (संवाद न्यूज एजेंसी)
- फोटो : PITHORAGARH
नाचनी (पिथौरागढ़)। मूसलाधार बारिश से थल-मुनस्यारी सड़क 13 घंटे बंद रही। बारिश से इस सड़क पर मलबा आने से लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। सड़क बंद होने के कारण जीआईसी के छात्रों को भी वापस लौटना पड़ा। 13 घंटे बाद बृहस्पतिवार को सुबह 10 दस बजे यह सड़क सुचारु हो पाई। मलबे के कारण नाचनी-बांसबगड़ सड़क भी पांच जगह बंद है।
थल मुनस्यारी मार्ग बुधवार की शाम नौ बजे भारी बारिश के कारण मलबा आने से बंद हो गया। बृहस्पतिवार को सुबह सड़क पर हल्द्वानी, पिथौरागढ़, मुनस्यारी को जाने वाले वाहनों की कतार लग गई। बारिश से क्षेत्र की छह ग्रामीण सड़कें भी मलबे से पट गई। भैसखाल, बोरगांव, टीमटिया, रसियाबगड़ और बागेश्वर जिले के काभड़ी, कालापैर से नाचनी जीआईसी आने वाले छात्रों को भी वापस घर लौटना पड़ा। करीब दस बजे लोनिवि ने इस सड़क को सुचारु किया।
लोनिवि के अवर अभियंता कृष्णा पिपलिया ने बताया बारिश से नया बस्ती में 80 मीटर तक सड़क पर बड़े बोल्डर और मलबा आ गया। बोल्डरों ने 25 मीटर सड़क को ध्वस्त कर दिया। पहाड़ी से हो रही पत्थरों की बरसात के बीच दो मशीनों को लगाने बावजूद चार घंटे में सड़क खुल पाई। उधर पीएमजीएसवाई की नाचनी- बांसबगड़ सड़क वेल्सा, सरमौता, हुपुलि, पल्याती, झलोड़ी सड़क मलबा आने से बंद हो गई हैं। इसके अलावा नाचनी- भैंसकोट,दुलियाबगड- राया बजेता सड़कें मलबा आने के कारण बंद हैं। इससे लोगों के लिए सफर करना मुश्किल हो गया है। अवर अभियंता विवेक धर्मशक्तू ने बताया सभी बंद सड़कों को खोलने के लिए मशीनें लगाई गई हैं।