घाट पुलिस चौकी के पास जाम लगने से कई वाहन फंसे रहे। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। बारहमासी सड़क पर हर रोज लग रहे जाम से लोग परेशान हैं। बारहमासी सड़क गुरना और घाट पुलिस चौकी के पास जाम लगने से दो शव यात्राएं तीन घंटे तक फंसी रहीं। कई वाहन भी फंसे रहे। लोगों ने सड़क को बंद रखने का समय बदलने की मांग की है।
शुक्रवार को पिथौरागढ़ के लिंठ्यूड़ा और एक अन्य जगह से दो शव यात्राएं शवदाह के लिए घाट जा रही थी। गुरना के पास सड़क चौड़ीकरण का कार्य होने के कारण यहां पर शवदाह को जा रहे वाहन एक घंटे से अधिक समय तक फंसे रहे। लोगों ने कार्यदायी संस्थाओं से सड़क खोलने का आग्रह किया।
लोगों के आग्रह के बाद कार्यदायी संस्थाओं ने सड़क खोली।
इसके बाद शव यात्राएं घाट पुलिस चौकी के पास दो घंटे से अधिक समय तक फंसी रहीं। यहां पर जाम लगने से चंपावत, लोहाघाट, टनकपुर और हल्द्वानी, अल्मोड़ा से आने वाले सैकड़ों वाहन दो घंटे से अधिक समय तक फंसे रहे। लोगों का कहना है कि बारहमासी सड़क पर कटिंग का समय निर्धारित नहीं है। इस कारण हर बार जाम लग रहा है। सड़क बंद रखने और खोलने की सीमा तय होनी चाहिए, जिस कारण लोगों को हर रोज जाम में नहीं फंसना पड़ेगा। लोगों ने हर रोज लग रहे जाम से निजात दिलाने के लिए उचित व्यवस्था की मांग की है।
...................
एंबुलेंस, शव यात्रा और बरात के वाहनों के लिए तुरंत सड़क खोलने के लिए निर्देश दिए गए हैं। कटिंग के दौरान मलबा पहाड़ में ही अटक जाता है। इससे वाहनों के संचालन में हादसे का खतरा रहता है। इसको देखते हुए सावधानी बरतनी पड़ती है।
- एलडी मथैला, ईई एनएच खंड लोहाघाट।