पिथौरागढ़। गुरना क्षेत्र के 123 साल पुराने सिरपोली प्राथमिक विद्यालय के ताले आज खुलेंगे। विभाग ने छात्र संख्या 10 से कम होने के कारण बंद कर दिया था। लोगों के विरोध और अभिभावकों की पहल के बाद विभाग ने इस विद्यालय को खोलकर दोबारा कक्षाओं के संचालन करने का निर्णय लिया है।
सिरपोली प्राथमिक विद्यालय में 20 जुलाई से विद्यालय जाएंगे। छात्र संख्या कम होने के बाद बंद स्कूल के फिर से खुलने से क्षेत्रवासी खुश हैं। विद्यालय में छह अभिभावकों ने अपने बच्चे स्कूल भेजने पर सहमति दी है। इसके अलावा 15 अन्य अभिभावक अपने बच्चों को पढ़ाई के लिए इस विद्यालय भेजेंगे। विद्यालय में शिक्षक की तैनाती भी कर दी गई है। खंड शिक्षाधिकारी सोनी मेहरा ने बताया कि एक शिक्षक की तैनाती कर दी गई है। ग्रामीण संघर्ष समिति के अध्यक्ष राजेंद्र भट्ट ने कहा कि दर्जनों गांवों के लिए यह खुशी की बात है। जब विद्यालय खोलने की बात लोगों को पता चली तो उन्होंने स्वयं विद्यालय परिसर में साफ सफाई की। डीईओ बेसिक शिव प्रसाद सेमवाल ने कहा कि पहले तय कर लिया गया था कि अभिभावक अपने बच्चों को पढ़ने भेजेंगे तो विद्यालय को खोला जाएगा। 20 जुलाई से विद्यालय में पठन-पाठन शुरू हो जाएगा।