पिथौरागढ़ नगर में टैक्सी चालकों ने जन आक्रोश रैली निकाली।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। नई पार्किंग व्यवस्था के विरोध में टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों ने देवसिंह मैदान से कलक्ट्रेट तक आक्रोश रैली निकाली। कलक्ट्रेट पर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
मंगलवार को टैक्सी चालक और पदाधिकारी अध्यक्ष त्रिलोक महर के नेतृत्व में देव सिंह मैदान में एकत्र हुए। इस दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारे लगाकर प्रदर्शन किया। टैक्सी चालकों ने कहा कि नगर में पार्किंग बनने के बाद टैक्सी चालकों को बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा है, जबकि वह पिछले कई सालों से नगर पालिका को पार्किंग शुल्क दे रहे हैं। टैक्सी यूनियन अध्यक्ष त्रिलोक महर ने कहा कि कोरोना काल में टैक्सी व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि अगर टैक्सी यूनियन की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया तो किसी भी जनप्रतिनिधियों को नगर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। टैक्सी चालकों के आंदोलन को कुमाऊं टैक्सी यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष ललित मोहन भट्ट ने समर्थन दिया है।
टैक्सी चालकों की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान टैक्सी यूनियन संरक्षक नवल किशोर, धीरज जंग, मुकेश कुमार, कैलाश पांडे, संजय महर, बलवंत, पुष्कर सहित कई लोग मौजूद रहे।