पिथौरागढ़ जिला सभागार में जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक लेते डीएम।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। जिले में जल एवं स्वच्छता मिशन के तहत 26 जनवरी 2021 तक 81531 परिवारों के घर तक पानी का कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें प्रत्येक घर के साथ ही प्रत्येक विद्यालय, सरकारी भवन को पानी का कनेक्शन देना है। डीएम ने जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक में लक्ष्य के सापेक्ष कम प्रगति पर कार्यदायी संस्था पेयजल निगम, जल संस्थान और सिंचाई विभाग पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को लक्ष्य का सापेक्ष कार्य करने के निर्देश दिए।
शनिवार को जिला कार्यालय सभागार में डीएम डॉ. विजय कुमार जोगदंडे की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक ली। उन्होंने विगत 15 दिनों में लक्ष्य के सापेक्ष कम प्रगति पर नाराजगी जताई। कार्यदाई संस्था पेयजल निगम, जल संस्थान और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को प्रत्येक दिन का लक्ष्य निर्धारित करते हुए कार्य करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि शत प्रतिशत डीपीआर तैयार कर अल्पकालीन निविदा आमंत्रित कर कार्यादेश जारी करते हुए हर घर को संयोजन देने के निर्देश पेयजल निगम, जल संस्थान, लघु सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दिए। कहा कि सरकार की इस अति महत्वपूर्ण योजना का लाभ प्रत्येक व्यक्ति और घर तक पहुंचाने के लिए इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत अगर एक भी घर जल संयोजन से छूटता है तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी मानते हुए कार्रवाई की जाएगी। बैठक में डीडीओ गोपाल गिरी ने बताया कि जिले के 1553 राजस्व गांवों में से 1227 गांवों की डीपीआर तैयार हो गई है। जिसमें से 664 में निविदा आमंत्रित कर कार्य प्रगति पर है। जिले के 81531 के सापेक्ष 6608 घरों को जोड़ दिया गया है। बैठक में विधायक प्रतिनिधि केएस वल्दिया, सीईओ अशोक कुमार जुकरिया, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम पिथौरागढ़ आरएस धर्मशक्तू, डीडीहाट बीके पाल, अधिशासी अभियंता जल संस्थान पिथौरागढ़ अशोक कुमार, डीडीहाट अवधेश कुमार, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई अभिषेक खोलिया समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।