डीडीहाट (पिथौरागढ़)। आईटीबीपी सातवीं वाहिनी ने क्षेत्र में पशु चिकित्सा शिविर लगाया। इसमें ग्रामीणों के पशुओं को उपचार कर दवा वितरित की गई। वाहिनी के द्वितीय कमान कार्यालयाध्यक्ष जैकब हुरिया के निर्देशन में उप सेनानी वेटनरी डॉ. दीपक गोगई ने नारायणनगर, सिंघाली, जेठी आदि स्थानों में पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया।
इसमें 722 पशुओं का उपचार किया गया। डॉ. गोगई ने ग्रामीणों को पशुओं के रख-रखाव, उनमें होने वाली बीमारियों और सामान्य उपचार के बारे में जानकारी दी। ग्रामीणों ने क्षेत्र में वेटनरी कैंप लगाने के लिए आईटीबीपी का आभार जताया। इस मौके पर सहायक सेनानी जीडी दलीप सिंह, वेटनरी अधिकारी भागीचौरा डॉ. रवि खुल्बे आदि मौजूद रहे।