बनबसा (चंपावत)। अब टनकपुर-अछनेरा एक्सप्रेस का बनबसा में ठहराव होगा। पिछले चार सालों से नागरिक बनबसा में इस ट्रेन का ठहराव रखने की मांग कर रहे थे। 31 अगस्त से अब टनकपुर से अछनेरा एक्सप्रेस का बनबसा में ठहराव होगा। बनबसा रेलवे स्टेशन मास्टर सूरज कुमार ने बताया कि रेलवे प्रशासन से प्राप्त चिट्ठी के मुताबिक 31 अगस्त से प्रति सोमवार, मंगलवार, बृहस्पतिवार, शुक्रवार और शनिवार के दिन टनकपुर से अछनेरा के लिए संचालित होने वाली रेलगाड़ी संख्या 15094 सुबह 04:05 बजे टनकपुर से संचालित होगी, जो दोपहर 12:20 बजे अछनेरा पहुंचेगी।
यह रेलगाड़ी अछनेरा से टनकपुर के लिए दोपहर 3:30 बजे चलेगी जो 11:45 बजे टनकपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन का बनबसा में हॉल्ट होगा। इस ट्रेन का ठहराव बनबसा, खटीमा, पीलीभीत जंक्शन, भोजीपुरा जंक्शन, इज्जतनगर जंक्शन, बरेली सिटी, बरेली जंक्शन, बदायूं, उझानी, सोरो सूकर क्षेत्र, कासगंज जंक्शन, सिकंदर राव, हाथरस सिटी, मथुरा कैंट, और मथुरा जंक्शन होगा।
इस एक्सप्रेस में आठ जनरल कोच, छह चेयर कार, एक एसी चेयर कार, एक जनरेटर कार और एक दिव्यांग सह गार्ड कोच होगी। नागरिकों ने इस ट्रेन के बनबसा में ठहराव रखे जाने के लिए रेलमंत्री और राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया है।
20 अक्तूबर 2022 को इस ट्रेन को टनकपुर से मथुरा के लिए शुरू किया गया था जिसे विस्तार देते हुए तीन जुलाई 2025 को टनकपुर से अछनेरा तक कर दिया गया था।