मुनस्यारी (पिथौरागढ़) । जोहार क्लब की ओर से आयोजित खेलोत्सव का आनंद खेल प्रेमियों के साथ ही क्षेत्र में आने वाले पर्यटक भी उठा रहे हैं।
जोहार खेल मैदान में रविवार को खेलों का शुभारंभ मुख्य अतिथि बीआरओ के द्वितीय कमान अधिकारी गणेश सिंह रावत ने खिलाड़ियों से परिचय कर किया। उन्होंने फुटबाल मुकाबले की दोनों टीमों को शुभकामनाएं दीं।
सीनियर वर्ग का पहला मुकाबला जेएचडी खेतभराड़-ए तथा तल्ला जोहार बॉयज के मध्य खेला गया। दोनों ही टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। कड़े संघर्ष में तल्ला जोहार की टीम ने खेतभराड़-ए को 2-1 गोल से पराजित किया। खेतभराड़ के खिलाड़ियों ने गोल उतारने की हर संभव कोशिश की लेकिन तल्ला जोहार की मजबूत सुरक्षा पंक्ति के आगे उनकी नहीं चल पाई।
रेफरी महेंद्र सिंह रावत, प्रशांत बिष्ट, एसपी जोशी, सतीश चंद्र रहे। मैच का आंखों देखा हाल लक्ष्मण सिंह पांगती एवं गजेंद्र सिंह पांगती ने सुनाया। यहां क्लब के अध्यक्ष केदार सिंह मर्तोलिया, सचिव गौरव सिंह पांगती, कविंद्र बृजवाल, रवि बृजवाल, जितेंद्र ज्येष्ठा समेत कई खेल प्रेमी मौजूद रहे। संवाद
15 किलोमीटर दौड़ में दरकोट के नितिन थापा प्रथम
रविवार की प्रात: सात बजे जया रावत की ओर से अपने पति स्व. ई. सत्यवान सिंह रावत की स्मृति में मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। सीनियर वर्ग पुरुष 15 किलोमीटर दौड़ में दरकोट के नितिन थापा पहले, पिथौरागढ़ के जितेश कुमार दूसरे और हरकोट के युवराज कुमार तीसरे स्थान पर रहे। सीनियर बालिकाओं की 6 किलोमीटर दौड़ में पिथौरागढ़ की कविता रावत प्रथम, बूंगा की दिया राणा द्वितीय और पिथौरागढ़ की रिया राणा तृतीय स्थान पर रहीं। बालकों की छह किलोमीटर अंडर 14 में बरनियागांव के संजय बरनिया पहले, सेन्नर के राहुल दानू दूसरे, बागेश्वर के विवेक प्रसाद तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में शंखधूरा की पूजा प्रथम, सरमोली की रिया द्वितीय, बुई की चांदनी बगरी और मदकोट की निशा खत्री संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं।