नाचनी (पिथौरागढ़)। जब सिस्टम ने मुंह फेरा तो तल्ला जोहार संघर्ष समिति के अध्यक्ष ने अपने संसाधनों से बदहाल सड़क की मरम्मत कराई। ऐसा कर उन्होंने सरकारी तंत्र को आइना दिखाया है। अब इस सड़क पर लोग सुगमता के साथ आवाजाही करेंगे और श्रद्धालु होकरा मंदिर में आयोजित होने वाली भागवत कथा में शामिल हो सकेंगे।
दरअसल मसूरीकांडा-होकरा सड़क लंबे समय से बदहाल है। 10 किमी सड़क का सुधारीकरण करने में पीएमजीएसवाई नाकाम रहा है। क्षेत्र के लोग लंबे समय से मार्ग के सुधारीकरण की मांग कर रहे थे लेकिन उनकी किसी ने नहीं सुनी। ऐसे में लोगों को बदहाल रोड पर खतरे के बीच सफर करना पड़ रहा था।
इस सड़क पर स्थित होकरा मंदिर में बृहस्पतिवार यानि आज से देवी भागवत कथा होगी। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की परेशानी को देखते हुए तल्ला जोहार संघर्ष समिति के अध्यक्ष जयराज कोरंगा ने अपने संसाधनों से जेसीबी की व्यवस्था कर सड़क को समतल कराया है।
समिति अध्यक्ष कोरंगा ने कहा कि जो काम सिस्टम को करना चाहिए था उसे उन्हें कराना पड़ा है। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष गंगा सिंह मेहता ने कहा धार्मिक आयोजन की सभी तैयारी पूरी हो चुकी है।