पिथौरागढ़। रक्षाबंधन पर मिठाई के कारोबार ने भी रफ्तार पकड़ी। कारोबारियों के मुताबिक जिले में रक्षाबंधन के अवसर पर मिठाई का कारोबार 10 लाख रुपये से अधिक होने का अनुमान है। पिछले दो दिन से बहनों की मायके में आवाजाही होने से मिठाई के कारोबार ने उछाल मारा।
जिले भर में मिठाई की 190 से अधिक दुकानें हैं। रक्षाबंधन पर नगर सहित अन्य बाजारों में मिठाई की दुकानों पर भीड़ रही। शनिवार अधिक संख्या में महिलाओं के घरों से निकलने से मिठाई के कारोबार में वृद्धि हुई। नगर के मिष्ठान विक्रेता पवन जोशी ने बताया कि जिले भर में 10 लाख रुपये की मिठाई बिकने का अनुमान है। कारोबार अच्छा होने से कारोबारियों के चेहरे भी खिले रहे। अन्य दुकानों में डिब्बा बंद मिठाई की खूब खरीदारी हुई। संवाद