साइकिलिंग का प्रशिक्षण लेते सुरेंद्र और पंकज
- फोटो : अमर उजाला
उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की ओर से सात अप्रैल से शुरू कराई जा रही नेशनल साइकिलिंग चैंपियनशिप में इस बार मुनस्यारी के दो छात्र भाग लेंगे। दोनों छात्रों को मोनाल संस्था साइकिलिंग का प्रशिक्षण दे रही है। जीआईसी मुनस्यारी में कक्षा 11 के छात्र सुरेंद्र सिंह राणा और पंकज ज्येष्ठा ने नेशनल चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए कड़ी मेहनत शुरू कर दी है।
शुक्रवार को दोनों छात्रों ने मुनस्यारी से पिथौरागढ़ तक का 120 किलोमीटर का सफर साइकिल से तय किया। शनिवार को उन्होंने यहां प्रशिक्षण लिया और रविवार को दोनों साइकिल से वापस मुनस्यारी जाएंगे। आते समय इनको पिथौरागढ़ पहुंचने में 9 घंटे लगे। वापसी में यह सफर 8 घंटे में पूरा करने का लक्ष्य रखा है। सुरेंद्र और पंकज ने बताया कि नैनीताल से सात अप्रैल को शुरू होने वाली नेशनल साइकिलिंग चैंपियनशिप में वह जरूर हिस्सा लेंगे। मुनस्यारी में वर्ष 2015 और 2016 में बड़े स्तर की माउंटेन ट्रेल बाइकिंग स्पर्धा हुई थी। इन स्पर्धाओं को देखकर दोनों के मन में आगे बढ़ने की इच्छा जागी।
मोनाल संस्था के सचिव सुरेंद्र पंवार ने बताया कि दोनों छात्र राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल होने की काबिलियत रखते हैं। जिला मुख्यालय में मोनाल संस्था के सदस्य वीरेंद्र दरियाल, जगदीश भट्ट, सुरेंद्र पंवार ने दोनों को गहन प्रशिक्षण दिया और साइकिलिंग की तकनीक समझाई। कहा कि भविष्य में भी क्षेत्र के युवाओं को मदद दी जाएगी और अच्छे प्रशिक्षण संस्थानों में भेजा जाएगा।