मुनस्यारी के बेटुलीधार में बर्फ में बैठकर योग करती छात्राएं
- फोटो : अमर उजाला
बेटुलीधार में स्नो स्कीइंग का प्रशिक्षण लेने पहुंची छात्राओं ने शनिवार की सुबह बर्फ में बैठकर योगाभ्यास किया। बाद में उनको स्कीइंग का प्रशिक्षण दिया गया। कुमाऊं मंडल विकास निगम ने बीएडीपी के सहयोग से यह प्रशिक्षण कैंप आयोजित किया है। प्रशिक्षण के दौरान रोज सुबह योगाभ्यास, हिमालय बचाने का संकल्प, स्वच्छता का संकल्प लिया जाता है। उसके बाद सभी छात्राओं को स्कीइंग की ट्रेनिंग दी जाती है।
केएमवीएन के साहसिक पर्यटन प्रबंधक दिनेश गुरुरानी ने बताया कि अन्य दिनों कैंप में ही योगाभ्यास किया जाता था, लेकिन शनिवार को प्रतिभागियों के आग्रह पर बर्फ पर बैठकर योग के आसन किए गए। प्रशिक्षण में धारचूला और मुनस्यारी तहसील की 15 छात्राएं हिस्सा ले रही हैं। बेटुलीधार में पर्याप्त मात्रा में बर्फ है। अभी दूसरे चरण का कोर्स भी आसानी से कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पांच दिन के प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को स्कीइंग से संबंधित बेसिक जानकारी हासिल हो जाएगी।