पिथौरागढ़। एलएसएम परिसर में अब विद्यार्थी नए पाठ्यक्रमों किताबों से बेहतर ज्ञान ले सकेंगे। परिसर को सात हजार नई किताबें उपलब्ध हुई हैं इसका सीधा लाभ विद्यार्थियों को होगा।
एलएसएम परिसर ने लगभग डेढ़ साल पहले नए पाठ्यक्रम की 35 हजार पुस्तकों की खरीद के लिए 12 लाख का प्रस्ताव निदेशालय को भेजा गया था। लंबे समय बाद भी परिसर को नई पुस्तकें नहीं मिलीं। ऐसे में नई शिक्षा प्रणाली लागू होने के बाद विद्यार्थी पुराने पाठ्यक्रमों की पुस्तकों से ही ज्ञान लेने के लिए मजबूर थे। बमुश्किल चार महीने पूर्व परिसर को 28 हजार नई पुस्तकें उपलब्ध हो सकीं और सात हजार पुस्तकों की कमी बनी रही। आखिरकार परिसर को ये पुस्तकें भी मिली हैं। अब परिसर में नए पाठ्यक्रम की पर्याप्त पुस्तकें उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को इनकी कमी नहीं खलेगी और वे बेहतर ज्ञान ले सकेंगे।
हर विद्यार्थी दो पुस्तक ले जा सकेगा घर
हर विद्यार्थी विषय के मुताबिक दो से तीन पुस्तकें पढ़ने के लिए घर ले जा सकेगा। इससे अधिक पुस्तकें विद्यार्थी को उपलब्ध नहीं होंगी। परिसर प्रबंधन के मुताबिक, हर विद्यार्थी को नए पाठ्यक्रम की पुस्तक उपलब्ध हो इसके लिए यह नियम बनाया गया है।
...........
एलएसएम परिसर नए पाठ्यक्रमों की सभी पुस्तकें उपलब्ध हो गईं हैं। विद्यार्थियों को बेहतर पठन-पाठन की सुविधा दी जा रही है।
-डॉ. हेम चंद्र पांडे, निदेशक, एलएसएम परिसर, पिथौरागढ़