प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर डीडीहाट में एसडीएम को ज्ञापन देते छात्र
- फोटो : अमर उजाला
राजकीय महाविद्यालय नारायणनगर में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू न होने से छात्र-छात्राएं परेशान हैं। पहले कुमाऊं विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन फार्म भराए थे। बाद में यह प्रक्रिया बंद कर दी गई। इस कारण प्रवेश लेने के इच्छुक कई विद्यार्थी वंचित रह गए हैं। जिन विद्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है, उनको भी प्रवेश नहीं मिल पा रहा है।
बुधवार को छात्रसंघ अध्यक्ष राजू बोरा के नेतृत्व में छात्रों ने एसडीएम विवेक प्रकाश के माध्यम से कुलपति और उच्च शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजा। छात्रसंघ पदाधिकारियों ने कहा कि इस बार स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया अपनाई गई थी, लेकिन कई छात्र-छात्राओं को इसकी जानकारी न होने से उनका आवेदन ऑनलाइन जमा नहीं हो पाया। इस कारण विद्यार्थियों का एक साल खराब होने वाला है।
छात्रसंघ ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर तीन दिनों के भीतर बीए, बीएससी प्रथम वर्ष में प्रवेश प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो कॉलेज में तालाबंदी कर उग्र आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। एसडीएम को ज्ञापन देने वालों में छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष पवन टोलिया, संजय चुफाल, देवेंद्र बोरा, भूपेंद्र बिष्ट, गणेश कन्याल, नंदन भंडारी आदि मौजूद थे।
पिथौरागढ़ कॉलेज में भी अनिश्चय बरकरार
पिथौरागढ़। जिले के सबसे बड़े कॉलेज एलएसएम राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पिथौरागढ़ में भी स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश शुरू नहीं हो पाए हैं। प्राचार्य डा. डीएस पांगती ने बताया कि प्रवेश का मामला अदालत में चल रहा है, इस कारण जब तक कोई फैसला नहीं हो जाता, प्रवेश शुरू नहीं हो पाएंगे। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय से लगातार संपर्क साधा जा रहा है। कॉलेज में रोज कई विद्यार्थी पहुंच रहे हैं और प्रवेश दिलाने की मांग कर रहे हैं।