पिथौरागढ़। उत्तर प्रदेश में महिलाओं पर बढ़ती यौन हिंसा के विरोध में छात्राएं भी सड़क पर उतर आईं हैं। मंगलवार को छात्राओं ने कलक्ट्रेट में हाथरस में हुई दरिंदगी के विरोध में यूपी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस प्रशासन के माध्यम से उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक को ज्ञापन भी भेजा।
मंगलवार को अंजलि के नेतृत्व में छात्राएं कलक्ट्रेट में एकत्र हुईं। यहां उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारे लगाकर प्रदर्शन किया। अंजलि ने कहा कि हाथरस में घटित घृणित और वीभत्स अपराध के बाद उत्तर प्रदेश सरकार और वहां के स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली आक्रोशित करने वाली है। पूरे मामले में शुरुआत से ही प्रशासन गैर जिम्मेदाराना, लीपापोती करने का रवैया अपना रहा है।
छात्रा भागीरथी ने हाथरस के आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर राधा, चेतना, सोनल, अमीषा, ज्योतिरिका, निशा, मनीषा, मोनू, प्रियंका, योगिता, सपना, संगीता, सोनाली, ज्योति, कंचन, तनुजा, किरन, बसंती, तन्नू, योगिता, पिंकी समेत कई छात्राएं मौजूद रहीं।
-------------
फोटो विवरण-06पीटीएच19 पी- हाथरस में हुई घटना के विरोध में कल्क्ट्रेट में छात्र-छात्राओं से सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।