गंगोलीहाट के गुप्तड़ी के पास इस तरह निकाले जा रहे दीवारों से पत्थर
- फोटो : अमर उजाला
सड़कों की सुरक्षा के लिए लगाई गई दीवारों से पत्थर निकालकर बेचे जा रहे हैं, बावजूद इसके संबंधित विभाग और प्रशासनिक तंत्र कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। मामला गंगोलीहाट-बेड़ीनाग सड़क का है। गंगोलीहाट से छह किमी आगे गुप्तड़ी नामक स्थान से आठ किमी आगे नौतस घाटी तक दो साल पहले लगाई दीवारों के पत्थर निकाले जा चुके हैं। दीवार के पत्थर निकालने से बरसात में सड़क पर भूस्खलन का खतरा पैदा हो गया है।
गुप्तड़ी से नौतस तक कई स्थान पर दीवार उधड़ी हुई है। दीवारों से पत्थर निकाले जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि रात में दीवार तोड़कर पत्थर वाहनों में भरे जा रहे हैं। इन पत्थरों को अराजक तत्व ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं। पीएमजीएसवाई डिविजन के अधिकारियों से साथ ही पुलिस, प्रशासन के अधिकारियों की लगातार उस मार्ग से आवाजाही होती है, लेकिन यह अंधेरगर्दी किसी को दिखाई नहीं दे रही है।
बृहस्पतिवार को यह मामला जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र बोरा शिवजी ने डीएम सी रविशंकर के सामने उठाया। कहा कि दीवारों के पत्थर निकालने से आगामी बरसात में पहाड़ी का मलबा सड़क पर आएगा और सड़क बंद हो जाएगी। उन्होंने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। डीएम ने मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
खामियों की वजह से एनएच नहीं ले रहा सड़क
पिथौरागढ़। रामेश्वर से बागेश्वर की सड़क दो साल पहले एनएच के पास चली गई है। दो साल से लोनिवि के पीएमजीएसवाई डिविजन ने गंगोलीहाट से राईआघर तक 18 किमी हिस्से में सड़क चौड़ीकरण, सुधारीकरण का काम किया। निर्माण कार्य की गुणवत्ता इतनी खराब थी कि अब एनएच सड़क को अपने अधीन नहीं ले रहा है। एनएच के अधिशासी अभियंता एलडी मथेला ने बताया कि सड़क पर मानकों के अनुसार काम नहीं हुआ है। पीएमजीएसवाई डिविजन को कमियां दूर करने को कहा गया है, तभी सड़क के अपने अधीन लिया जाएगा।
मामला संज्ञान में नहीं है, इसका पता लगाया जाएगा। दीवार क्षतिग्रस्त करने के मामले में ठेकेदार और अधीनस्थों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। दीवार क्षतिग्रस्त करने वाले तत्वों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
-प्रवीण कर्णवाल, प्रभारी अधीक्षण अभियंता पीएमजीएसवाई डिविजन पिथौरागढ़