चंपावत। फूंगर गांव में स्थित जिम कॉर्बेट ट्रेल बदहाली का शिकार है। करोड़ों रुपये खर्च कर विकसित की गई इस ऐतिहासिक धरोहर की देखरेख नहीं हो रही है। वन कर्मियों की नियमित तैनाती नहीं होने से परिसर में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। शरारती तत्वों ने जिम कॉर्बेट की प्रतिमा का हाथ तोड़ दिया है। इतिहास और वन्यजीवों की जानकारी देने वाले स्टोरी बोर्ड भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए हैं।
नगर मुख्यालय से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित इस ट्रेल को वन विभाग ने जिम कॉर्बेट और नरभक्षी बाघिन की ऐतिहासिक कहानी से जोड़कर विकसित किया था। इसका उद्देश्य पर्यटकों को क्षेत्र के इतिहास और जैव विविधता से रूबरू कराना था। इसके लिए परिसर में पक्षियों और वन्यजीवों की जानकारी देने वाले बोर्ड लगाए गए थे। लेकिन संरक्षण के अभाव में यहां विकसित की गई सुविधाएं भी प्रभावित हो रही हैं।
परिसर में डस्टबिन उपलब्ध होने के बावजूद लोग जगह-जगह कूड़ा फेंक रहे हैं। ट्रैक रूट, म्यूजियम, रिसेप्शन, टिकट काउंटर, रेस्टोरेंट और सॉविनियर शॉप जैसी सुविधाओं के विकास पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं। इसके बावजूद नियमित निगरानी और रखरखाव नहीं होने से ट्रेल की स्थिति खराब हो रही है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से नियमित निगरानी और साफ-सफाई की व्यवस्था करने के साथ क्षतिग्रस्त प्रतिमा और बोर्डों की मरम्मत कराने की मांग की है।
-
चंपावत जिले के लिए यह गर्व की बात है कि प्रसिद्ध शिकारी जिम कॉर्बेट ने नरभक्षी बाघिन को मारकर लोगों को उसके आतंक से निजात दिलाई थी। वन विभाग ने इस ऐतिहासिक कहानी को स्टोरी बोर्ड के माध्यम से संजोने का प्रयास किया है। इस धरोहर को सुरक्षित रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। ट्रेल में बनाई गई चीजों को नुकसान पहुंचाना ठीक नहीं है। लोगों को इसे और बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव देने चाहिए।
-श्याम नारायण पांडे, उपाध्यक्ष, वन व पर्यावरण सलाहकार समिति
-
फूंगर गांव में स्थित जिम कॉर्बेट ट्रेल के निर्माण पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं। इसका संचालन जल्द शुरू किया जाएगा। परिसर में वन कर्मी की तैनाती भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिम कॉर्बेट ने 434 लोगों की जान लेने वाली नरभक्षी बाघिन को मारकर क्षेत्र के लोगों को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। वन विभाग ने ट्रेल को विकसित किया है। इस ऐतिहासिक धरोहर को संजोना सभी की जिम्मेदारी है।
-डी पुरुषोत्तम, प्रभागीय वन अधिकारी, चंपावत