पिथौरागढ़। नैनी सैनी एयरपोर्ट के विस्तारीकरण और अपग्रेड की संभावनाओं को लेकर पहल तेज हो गई है। बृहस्पतिवार को डीएम आशीष भटगाईं ने संबंधित विभागों और एयरपोर्ट विस्तारीकरण से जुड़े सभी स्टेक होल्डर्स के साथ बैठक कर संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।
बैठक में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों ने एयर ट्रैफिक पोटेंशियल रिपोर्ट के संबंध में जानकारी दी। डीएम ने रिपोर्ट को आवश्यक कार्रवाई के लिए उच्च स्तर पर भेजने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि नैनी सैनी एयरपोर्ट को वर्तमान 2 सी श्रेणी से 3 सी श्रेणी में विकसित किए जाने की योजना है। इस संबंध में विस्तारीकरण की फिजीबिलिटी, संभावित आवश्यकताओं और तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की गई।
डीएम ने अधिकारियों को एयरपोर्ट विस्तारीकरण से जुड़े सोशल इंपैक्ट असेसमेंट सहित अन्य तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं का विस्तृत अध्ययन कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट विस्तारीकरण के संबंध में नियमित फॉलोअप करते हुए ठोस परिणाम सुनिश्चित किए जाएं और सभी आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता से पूरी की जाए। बैठक में एडीएम योगेंद्र सिंह और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।