पांगला-धारचूला पेयजल लाइन टूटने से धारचूला नगर में तीन दिन से पेयजल सप्लाई ठप है। पिछले महीने भी लाइन टूटने के कारण दस दिन तक पेयजल सप्लाई ठप रही थी। जल संस्थान ने मंगलवार और बुधवार को बारिश के चलते लाइन की मरम्मत का काम नहीं किया। बृहस्पतिवार को बारिश की रफ्तार में कमी आने के बाद लाइन की मरम्मत का काम तो शुरू हो गया है, लेकिन पेयजल सप्लाई कब तक बहाल होगी, कहा नहीं जा सकता। इस अव्यवस्था को लेकर लोगों में भारी गुस्सा है। लोग प्राकृतिक स्रोतों से किसी तरह पीने के पानी का इंतजाम कर रहे हैं।
बताया गया कि पांगला-धारचूला पेयजल योजना में निगालपानी के पास भूकटाव से लाइन टूट गई थी। धारचूला नगर की 15 हजार आबादी को इसी योजना से पानी मिलता है। पिछले महीने से योजना में भारी समस्या पैदा होने लगी है। जल संस्थान ने अस्थायी रूप से लाइन को जोड़कर पानी तो चलाया है, लेकिन उसमें खतरा बना है।
जल संस्थान के सहायक अभियंता रमेश गर्ब्याल ने बताया कि पेयजल लाइन टूटने की समस्या अवैध खनन के कारण ज्यादा हो रही है। कई स्थानों पर लाइन के पास ही खनन हो रहा है। उन्होंने बताया कि लाइन जोड़ने का काम शुरू कर दिया गया है, जल्द ही पेयजल सप्लाई बहाल हो जाएगी।