कुविवि एसएसजे परिसर में योग विभाग के शिक्षक और छात्रनेता के बीच चल रहे विवाद ने सोमवार को तूल पकड़ लिया। योग विभाग के अतिथि व्याख्याता डॉ. प्रेम प्रकाश द्वारा पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अक्षित पांडे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने से नाराज छात्र योग विभाग में जा धमके। इस बीच विवाद बढ़ने पर योग विभाग में चल रही सेमेस्टर परीक्षा भी स्थगित कर दी गई। बाद में काफी संख्या में छात्र थाने पहुंच गए। थाने में भी काफी देर तक बहसबाजी चलती रही।
बता दें कि एसएसजे कैंपस के योग विभाग के अतिथि व्याख्याता डॉ. प्रेम प्रकाश पांडे द्वारा पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष पर विभागाध्यक्ष और उनके खिलाफ अभद्रता और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने बीते दिन पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अक्षित पांडे के खिलाफ धारा 504 और 506 में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस में मामला दर्ज होने के बाद अक्षित पांडे समर्थक छात्रों में रोष व्याप्त हो गया। सोमवार को छात्रनेता आशीष जोशी के नेतृत्व में छात्रों ने परिसर निदेशक को ज्ञापन सौंपा और योग विभागाध्यक्ष पर धमकाने का आरोप लगाया। बाद में छात्रों का दल कोतवाली पहुंचा और योग विभागाध्यक्ष नवीन भट्ट द्वारा वीडियो काल और मैसेज के जरिए छात्रों को धमकाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। छात्र आशीष जोशी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि वह आगामी चुनाव में छात्रसंघ अध्यक्ष के पद पर खड़े हो रहे हैं लेकिन योग विभागाध्यक्ष द्वारा उन्हें अक्षित पांडे का समर्थन नहीं करने और चुनाव में हराने और मुकदमा दर्ज करने की धमकी दी है। जबकि योग विभागाध्यक्ष ने इस आरोप को निराधार बताया। कोतवाली पहुंचने वालों में आशीष जोशी के अलावा पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सुनील जोशी, अरविंद बोरा, सचिन सिंह, राहुल भंडारी, दीपक, पंकज आर्या, मो. अमान, रोहित जोशी, अमनदीप, अखिलेश वर्मा आदि छात्र शामिल थे। इधर योग विभाग के दोपहर में दोनों पक्ष थाने पहुंच गए और काफी देर तक विवाद चलता रहा। बाद में पुलिस ने छात्रों को समझाकर भेज दिया। यह भी बताया गया है कि इस मामले को सुलझाने के लिए आरएसएस से जुड़े कुछ लोग भी परिसर पहुंचे और उन्होंने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया।
शिक्षकों ने की आपात बैठक, कहा अराजकता फैला रहे कुछ छात्र
अल्मोड़ा। कुविवि एसएसजे परिसर में एकता शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों की आपात बैठक में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ समय से अराजक तत्वों द्वारा शिक्षकों के साथ अभद्रता करने, शैक्षिक माहौल खराब किया जा रहा है। शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. एनडी कांडपाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में शिक्षकों ने ऐसे तत्वों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर परिसर में शिक्षकों की सुरक्षा के प्रबंध करने, सीसी कैमरे लगाने, परिसर में चहारदीवारी निर्माण, परिसर में छात्र-छात्राओं के परिचय पत्र देखने, शिक्षकों के साथ अभद्रता करने वाले अराजक तत्वों को परिसर में प्रवेश नहीं देने आदि पर भी चर्चा हुई। बाद में शिक्षकों ने परिसर प्रशासन, विवि प्रशासन और जिला प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा। बैठक में डा. ममता पंत, डॉ. नंदन बिष्ट, प्रो. पुष्पा अवस्थी, प्रो. एएस अधिकारी, डा. मुकेश सामंत, डॉ. धनी आर्या, डॉ. विशाल शर्मा, डॉ. रवींद्र पाठक, डॉ. प्रीति आर्या, डॉ. श्वेता चनियाल, डॉ. लता आर्या, डॉ. सुनीता गुरुरानी, डॉ. गीता खोलिया आदि मौजूद थे।