धारचूला(पिथौरागढ़)। दार्चुला नेपाल में तेजी से बढ़ रही कोरोना संक्रमितों को संख्या के बीच धारचूला भारत में बिना कोरोना आरटीपीसीआर नेगेटिव जांच रिपोर्ट के प्रवेश करने की कोशिश कर रहे नेपाली नागरिकों को एसएसबी ने झूलापुल पर रोक दिया।
शनिवार को भारी संख्या में झूलापुल पर दार्चुला नेपाल के नागरिक भारत में प्रवेश को झूलापुल पर पहुंचे। मगर वहां पर जवानों ने उन्हें बिना आरटीपीसीआर निगेटिव रिपोर्ट प्रवेश करने से रोक दिया।
एसएसबी के इंस्पेक्टर मान सिंह ने बताया कि सरकार की ओर से जारी कोरोना गाइड लाइन के अनुसार भारत- नेपाल झूलापुल पर पूरी सख्ती बरती जा रही है। बिना कोरोना आरटीपीसीआर निगेटिव रिपोर्ट के भारत में किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला ने बताया कि दार्चुला नेपाल में भी संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में धारचूला को सुरक्षित रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। पुल पर भी आवाजाही को लेकर प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है।