महाकाली का पानी अपने न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया है। इस कारण अवैध रास्तों से घुसपैठ की संभावना को देखते हुए पुलिस और एसएसबी ने महाकाली के किनारे सघन कांबिंग अभियान शुरू कर दिया है। च्योड़ीघाट, कानड़ी, सीम, झूलाघाट में नदी के किनारे कांबिंग के दौरान लोगों को सचेत भी किया गया है। इस सीजन में नेपाल से वन्यजीवों और मादक पदार्थों की तस्करी की संभावना बढ़ जाती है।
कांबिंग के दौरान लोगों के परिचय पत्रों की जांच की गई। साथ ही स्थानीय लोगों को इस बात के लिए सजग किया गया कि सीमा पर यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति नजर आए तो तत्काल पुलिस तथा एसएसबी को सूचना दें।
एसएसबी के उपनिरीक्षक विजय कुमार ने कहा कि नियमित गश्त के अलावा संयुक्त कांबिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अलर्ट रहने की अपील की। थाना प्रभारी पीसी मलकानी ने कहा कि एसएसबी के साथ तालमेल बनाकर कांबिंग की जा रही है। कांबिंग के दौरान प्रेम लाल, सेतभान यादव, राकेश कुमार, मनोज कुमार, शहाबुद्दीन, पिंकी चौधरी, प्रीति रानी आदि थे। महाकाली ग्लेशियर से निकलती है। ठंड के मौसम में नदी का पानी न्यूनतम स्तर पर आ जाता है।