पिथौरागढ़ में विकास कार्यों की समीक्षा करते केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा।
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा ने वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले अवमुक्त धनराशि को खर्च करने के निर्देश दिए। अधिकारियों से विकास कार्यों का समय-समय पर जायजा लेने को कहा, ताकि गुणवत्ता बरकरार रहे। मंत्री ने कहा है कि सितंबर 2018 तक जिला मुख्यालय के साथ ही नगर, कस्बों में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खुल जाएंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की स्वास्थ्य देखभाल बेहतर होगी।
बृहस्पतिवार को विकास भवन में हुई जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में मंत्री ने विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए अधिकारियों का रोस्टर तैयार करने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ ही निर्माण कार्यों की फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए हैं। निर्माण कार्यों का अवलोकन अगली बैठक में वीडियो के माध्यम से किया जाएगा। बैठक में आधार लिंक न होने से समाज कल्याण विभाग के पेंशनधारियों को पेंशन न मिलने का मामला उठा। बताया गया कि आधार लिंक न होने से 371 दिव्यांगों और करीब तीन हजार अन्य पेंशनभोगियों को पेंशन नहीं मिल पा रही है। मंत्री ने सभी क्षेत्रों में कैंप लगाकर 15 दिन के भीतर आधार कार्ड बनाने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि पीएमजीएसवाई से बन रही सड़कों में घटिया गुणवत्ता की काफी शिकायतें आ रही हैं। इस संबंध में डीएम कमेटी का गठन कर सड़कों की जांच कराएंगे। डंपिंग जोन से अलावा कहीं पर भी मलबा डाला गया तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाए। उन्होंने लोनिवि के अधीक्षण अभियंता और मुख्य अभियंता को निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने मंत्री ने जिला पूर्ति अधिकारी को जनवरी में कैंप लगाकर लाभार्थियों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के संयोजन वितरित करने के निर्देश दिए। कहा वर्ष 2018 तक सभी परिवारों को बिजली मिल जाएगी। आंगनबाड़ी की समीक्षा के दौरान सामने आया कि जिले में 200 आंगनबाड़ी केंद्र भवन बन रहे हैं। 15 का काम पूरा हो गया है। बताया गया कि 26 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, 34 सहायिका और 22 मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद रिक्त हैं, जिनमें नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है।