पिथौरागढ़। जिला अस्पताल से छह विशेषज्ञ चिकित्सकों की ड्यूटी स्वास्थ्य शिविरों में लगाए जाने से सोमवार और मंगलवार को मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। रविवार से अति प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र झूलाघाट में शुरू हुए बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर में इन चिकित्सकों ने सेवाएं देना शुरू कर दिया है। इसके बाद 22 जुलाई से मुनस्यारी में प्रस्तावित तीन दिवसीय वृहद स्वास्थ्य शिविर में भी विशेषज्ञों की तैनाती रहेगी।
जिला अस्पताल पहले से ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी से जूझ रहा है। ऐसे में चिकित्सकों के शिविरों में भेजे जाने से अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों को विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध नहीं हो पाएंगी। कई मरीजों को या तो बिना उपचार लौटना पड़ेगा या निजी अस्पतालों का रुख करना होगा।
झूलाघाट स्वास्थ्य शिविर में 21 जुलाई तक जिला अस्पताल के सर्जन, बाल रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, नेत्र सर्जन, दंत विशेषज्ञ और ईएनटी सर्जन की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा सोमवार और मंगलवार को अस्पताल में एक्स-रे तकनीशियन, लैब तकनीशियन और दृष्टिमितिज्ञ भी उपलब्ध नहीं रहेंगे। जबकि इन्हीं दो दिनों में जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन एक हजार से अधिक मरीज पहुंचते हैं।
उधर, 22 जुलाई से मुनस्यारी में शुरू होने वाले तीन दिवसीय वृहद स्वास्थ्य शिविर में भी विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की जाएगी। वहीं, चेस्ट फिजिशियन की ड्यूटी 11 से 29 जुलाई तक चारधाम यात्रा में लगी हुई है।
..................
जिला अस्पताल से विशेषज्ञों की ड्यूटी स्वास्थ्य शिविर में लगाई गई है। जिला अस्पताल में तैनात अन्य चिकित्सक मरीज का उपचार कर रहे हैं। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने का प्रयास किया जा रहा है। -डॉ. डीपी सिंह, पीएमएस, जिला अस्पताल पिथौरागढ़