अंडर-15 फुटबाल में पुरस्कार के साथ विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ी। अमर उजाला
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। अंडर-15 वर्ष बालक वर्ग की जिला स्तरीय आमंत्रण फुटबाल प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला सोरवैली पब्लिक स्कूल ने जीत लिया है। फाइनल में सोरवैली ने आठगांवशिलिंग की टीम को 4-1 से हराया।
जिला खेल कार्यालय की ओर से स्टेडियम में चल रही प्रतियोगिता का फाइनल सोरवैली पब्लिक स्कूल और आठगांवशिलिंग के मध्य खेला गया। सोरवैली की ओर से 25वें और 28 वें मिनट में मयंक भंडारी ने गोल कर टीम को 2-0 से बढ़त दिला दी। मध्यांतर के बाद आठगांवशिलिंग की ओर से नीरज भंडारी ने गोल कर टीम की वापसी की संभावना को बरकरार रखा। थोड़ी देर बाद सोरवैली के जयंत भट्ट और लक्ष्य धामी ने 1-1 गोल कर अंतर 4-1 कर दिया। आठगांवशिलिंग की टीम गोल उतारने में कामयाब नहीं हो पाई। सोरवैली ने खिताब अपने नाम कर लिया। निर्णायक आनंद सिंह रावत, मनोज कुमार पुनेठा, यतीश ओझा, लाइनमैन गौरव महरा, अजय कुमार थे। मुख्य अतिथि डीईओ (माध्यमिक) डॉ. अशोक कुमार गुसाईं, विशिष्ट अतिथि जनरल बीसी जोशी एपीएस के प्रधानाचार्य मनीष पंवार, आमंत्रित अतिथि बीईओ मूनाकोट बलराज सिंह रावत ने विजेता, उपविजेता टीम और खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। वहां पर डीएसओ संजीव कुमार आदि थे। कार्यक्रम का संचालन निर्मल किशोर भट्ट ने किया।