पिथौरागढ़/मुनस्यारी/धारचूला। सीमांत की ऊंची चोटियों में इस हफ्ते दूसरी बार बर्फबारी हुई। निचले इलाकों में झमाझम बारिश हुई। इससे सीमांत में लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। बर्फबारी के चलते थल-मुनस्यारी सड़क कालामुनि में यातायात के लिए बंद हो गई है। इससे वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जरूरी काम से आने जाने वालों को जौलजीबी होते हुए आवागमन करना पड़ रहा है।
जिला मुख्यालय समेत आसपास के क्षेत्रों में रविवार सुबह हल्की बारिश हुई। नौ बजे बाद धूप के दर्शन हुए लेकिन दिन में फिर से मौसम ने करवट बदल ली और बारिश हुई। मुनस्यारी के हंसलिंग, राजरंभा, पंचाचूली, छिपलाकेदार, खलिया, पातलथौड़, कालामुनि, नाग्निधुरा, पंचाचूली, मल्ला जोहार में बर्फबारी हुई। निचले इलाकों में बारिश और चुभन भरी ठंडी हवाएं चलने से लोग बेहाल रहे। ठंड से बचने को लोगों ने आग का सहारा लिया। धारचूला के व्यास, दारमा घाटी में तेज हवाओं के साथ बर्फबारी हुई।
फसलों को होगा फायदा
पिथौरागढ़/बनबसा । बारिश और बर्फबारी को फसल, फल और सब्जियों के लिए लाभदायक बताया जा रहा है। जिले में पिछले चार माह से बारिश नहीं होने के कारण सूखे जैसे हालात हो गए थे। इससे असिंचित क्षेत्र की फसलें बरबाद होने की कगार पर पहुंच चुकी थी। बनबसा के प्रगतिशील किसान हेमेंद्र सिंह रावत और बागान स्वामी जावेद खान ने बताया कि रविवार को हुई वर्षा खेतों और बागानों के लिए लाभदायक रही। रविवार को बनबसा में न्यूनतम तापमान नौ और अधिकतम 24 डिग्री सेल्सियस रहा। संवाद
चीन सीमा को जाने वाली सड़क चट्टान दरकने से बंद
धारचूला। चीन सीमा को जोड़ने वाली तवाघाट-लिपुलेख सड़क पांगला के पास चट्टान दरकने से बंद हो गई है। सड़क पर भारी मात्रा में बड़े बोल्डर गिरे हैं। सड़क खुलने में दो दिन लगने की संभावना जताई जा रही है। इससे चीन सीमा को जाने वाले ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। संवाद
चंपावत में भी एक घंटे तक बरसे बादल
चंपावत। रविवार को सुबह मौसम ने करवट बदली और करीब साढ़े सात बजे से तेज बारिश शुरू हो गई। एक घंटे की बारिश से ठंड में इजाफा हो गया। इसके थोड़ी देर बाद फिर से तेज बारिश हुई और कुछ देर बाद बादलों के बीच से गुनगुन धूप खिल आई। धीरे धीरे आसमान से बादल की छटा हटने लगी तो लोगों ने राहत की सांस ली। कुछ देर बार फिर से मौसम बदला और अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। चंपावत में एक एमएम बारिश से ठंड काफी बढ़ गई। लोहाघाट, पाटी में भी एक-एक एमएम बारिश हुई। लोग घरों में ही कैद रहे। बारिश के बाद चंपावत का अधिकतम तापमान 13 और न्यूनतम तापमान तीन दर्ज किया गया। मुख्य कृषि अधिकारी गोपाल सिंह भंडारी ने बताया कि बारिश से मसूर, जौ आदि की खेती को फायदा मिलेगा। जिला उद्यान अधिकारी टीएन पांडे ने बताया कि आलू की खेत के लिए भी बारिश फायदेमंद है। संवाद
अच्छी बारिश के लिए किया हवन
पिथौरागढ़। जिले में अच्छी बारिश के लिए रविवार को विभिन्न संगठनों की ओर से हवन किया गया। नगरपालिका में आयोजित हवन कार्यक्रम में योग शिक्षक रघुवर दत्त कापड़ी ने कहा कि पहले समय-समय पर हवन यज्ञ हुआ करता था। इससे वातावरण शुद्ध होता था। अब सभी लोग हवन यज्ञ की परंपरा को भूल चुके हैं। 64 वर्ष की उम्र में रक्तदान करने वाले विपिन चंद्र जोशी और नेत्रदान का संकल्प लेने वाले दंपत्ती रमीला और मान सिंह सामंत का अभिनंदन किया गया। हवन डॉ. तारा सिंह ने संपन्न कराया। इस अवसर पर ओपी वर्मा, शोभा गुप्ता, बिंदु जोशी, उमा पंत, महेंद्र सिंह, सुरेश पंत, सुशीला खर्कवाल, शांति खनका, पुष्पा अग्रवाल, जनार्दन पुनेठा आदि उपस्थित रहे। संवाद