मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। इस बार बेटुलीधार में हुए भारी हिमपात से उत्साहित कुमाऊं मंडल विकास निगम ने बीएडीपी की मद से स्नो स्कीइंग प्रशिक्षण शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार को स्कीइंग प्रशिक्षण शुरू होते ही बेटुलीधार में फिर से हिमपात होने लगा। बेटुलीधार में इस समय डेढ़ फुट से ज्यादा बर्फ है। यह स्कीइंग के लिए पर्याप्त है।
प्रशिक्षण का उद्घाटन करते हुए खंड विकास अधिकारी केएल वर्मा ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षणों से युवाओं की क्षमता का विकास होता है। मुनस्यारी में साहसिक खेलों की अपार संभावना है। इस बार मौसम ने अच्छा साथ दिया और काफी निचले इलाकों तक अभी हिमपात हो रहा है। उन्होंने प्रशिक्षण को बेहतर ढंग से लेने और हिमालय बचाने का संकल्प लेने की अपील की।
केएमवीएन के साहसिक पर्यटन प्रबंधक दिनेश गुरुरानी ने बताया कि प्रशिक्षण में मुनस्यारी की आठ और धारचूला की सात छात्राएं भाग ले रही हैं। इनको पांच दिनों तक स्कीइंग प्रशिक्षण दिया जाएगा। मुख्य रूप से स्कीइंग के दौरान संतुलन बनाने, खतरा होने पर बचाव के तरीके बताए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान हिमालय बचाओ और स्वच्छता का संकल्प पत्र भी भराया जाएगा। प्रशिक्षण लक्ष्मण राम, खुशाल राम, गिरीश और मनोज दे रहे हैं। अधिकांश छात्राएं पहली बार स्कीइंग प्रशिक्षण के लिए पहुंची हैं। इस कारण पहले दिन उनको कठिनाई का सामना करना पड़ा।