बंगापानी(पिथौरागढ़)। आपदा काल में सीमांत के लोगों को हेलिकॉप्टर सेवा राहत दे रही है। बंगापानी तहसील के मवानी-दवानी की बीमार महिला को हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू कर जिला मुख्यालय पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच सकी।
शुक्रवार को मवानी-दवानी की कमला देवी (62) पत्नी लक्ष्मण सिंह मेहरा की तबीयत बिगड़ गई। पेट में सूजन आ गई और उसकी सांस फूलने लगी। परिजनों के लिए बदहाल रास्तों और सड़कों के बीच उन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाना किसी चुनौती से कम नहीं था। परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन से बीमार को रेस्क्यू करने के लिए हेलिकॉप्टर सेवा उपलब्ध कराने की गुहार लगाई। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बंगापानी हेलिकॉप्टर भेजा। महिला को हेलिकॉप्टर से जिला मुख्यालय के नैनीसैनी और वहां से 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पीएमएस डॉ. जेएस नबियाल ने कहा कि महिला को सांस लेने में दिक्कत आ रही है। महिला को भर्ती कर उसका उपचार शुरू कर दिया है। संवाद