चंपावत। जिला अस्पताल में फ्रोजन शोल्डर (कंधा जाम) के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। प्रतिदिन 50 से 60 मरीज हड्डी रोग ओपीडी में उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।
मौसम में बदलाव और ठंड बढ़ने से बुजुर्गों में कंधे में दर्द और अकड़न की समस्या अधिक है। इससे हाथों की गतिविधि भी प्रभावित हो रही है। रीठासाहिब, रीठाखाल, मुड़ियानी, सिप्टी, पुनावे, गड़कोट, पाटी, लोहाघाट और चंपावत के ग्रामीण क्षेत्रों से मरीज आ रहे हैं। मरीजों को कंधे की जकड़न से दैनिक कार्य करने में परेशानी हो रही है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, ठंड बढ़ने पर जोड़ों व मांसपेशियों में अकड़न बढ़ती है। हड्डी रोग विशेषज्ञ धनंजय पाठक ने बताया कि मौसम बदलने पर मामले बढ़ते हैं। उन्होंने समय पर उपचार और फिजियोथेरेपी लेने की सलाह दी।
-
फ्रोजन शोल्डर के प्रमुख लक्षण
-कंधे में लगातार दर्द और जकड़न
-हाथ ऊपर उठाने में कठिनाई
-कपड़े पहनने और सामान उठाने में परेशानी
-कंधे की गतिविधि सीमित होना
-
बचाव के उपाय
-नियमित व्यायाम करें
-ठंड से बचाव रखें
-गर्म सिकाई करें
-दर्द बढ़ने पर चिकित्सकीय सलाह लें।