विकासखंड मूनाकोट के पनखोली और पलेटा गांव में पेयजल का गंभीर संकट पैदा हो गया है। लोगों को दो किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है। आसपास के स्रोतों में पानी कम होने लगा है। बताया गया कि गांव के लिए बनाई गई पेयजल योजनाएं ध्वस्त हो चुकी हैं। इनकी मरम्मत के लिए अब तक सरकार ने पैसा नहीं दिया है।
जिला पंचायत सदस्य गोदावरी देवी ने जिलाधिकारी के माध्यम से पेयजल मंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि लंबे समय से जारी संकट के निदान के लिए अब तक कोई कदम नहीं उठाए गए हैं। दोनों गांवों की एक हजार की आबादी इस समय गंभीर संकट झेल रही है। गोदावरी ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि होने के नाते उनको जनता का कोप सहन करना पड़ रहा है। लोगों को स्रोतों से एकत्र पानी को तीन-चार दिन तक पीना पड़ रहा है। इससे वह गंभीर बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं।
जिला पंचायत सदस्य ने बताया कि समस्या को इससे पहले जिला पंचायत की बैठक में भी उठाया गया। तब तत्काल निदान का आश्वासन मिला था, लेकिन भीषण गर्मी के समय में भी योजनाओं की मरम्मत नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि कम से कम अगली गर्मी आने तक संकट से निदान के उपाय किए जाएं।